बेतुल
बैतूल दूषित पानी के कारण बच्चों की मौत बेहद दुर्भाग्यपूर्ण: राहुल उइके

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। कांग्रेस नेता राहुल उइके ने ग्राम दानवा खेड़ा में दूषित पानी के कारण बच्चों की मौत को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि कुछ महीने पहले भी इसी समस्या को लेकर शिकायतें की गई थीं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की, जिसके कारण आज मासूम बच्चों की जान चली गई।
राहुल उइके ने राज्य सरकार और जिला प्रशासन से मांग की है कि ग्राम में तत्काल स्वच्छ पेयजल की स्थायी व्यवस्था की जाए, दूषित जल स्रोतों की जांच कर उन्हें बंद किया जाए, प्रभावित बच्चों और ग्रामीणों को तुरंत बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जाए, आर्थिक सहायता दी जाए और पूरे मामले की जिम्मेदारी तय करते हुए संबंधित अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो कांग्रेस इस मुद्दे को व्यापक स्तर पर उठाएगी।
उन्होंने कहा कि स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही पूरी तरह अस्वीकार्य है। उन्होंने स्पष्ट किया कि लोगों के स्वास्थ्य और जीवन से जुड़े इस मूलभूत मुद्दे पर प्रशासन को संवेदनशीलता और तत्परता के साथ काम करना चाहिए, अन्यथा ऐसी घटनाएं लगातार दोहराई जाती रहेंगी, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।



