खैरथल
राजस्थान दिवस पर खैरथल-तिजारा में सांस्कृतिक संध्या आयोजन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
खैरथल-तिजारा। राजस्थान दिवस 2026 के अवसर पर जिला प्रशासन खैरथल-तिजारा एवं पर्यटन विभाग, राजस्थान के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार सायं लक्ष्मी नारायण मंदिर परिसर, पुरानी अनाज मंडी खैरथल में भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा श्री गणेश वंदना एवं दीप प्रज्वलित कर की गई।
कार्यक्रम में राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को दर्शाते हुए सुप्रसिद्ध लोक कलाकारों द्वारा रंगारंग प्रस्तुतियां दी गईं, जिन्होंने उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
सांस्कृतिक संध्या में कालबेलिया, चरी, घूमर, भपंग वादन, कच्ची घोड़ी नृत्य, मयूर नृत्य एवं फूलों की होली जैसे पारंपरिक लोकनृत्यों की शानदार प्रस्तुतियां दी गईं। विशेष रूप से मयूर नृत्य और फूलों की होली कार्यक्रम के प्रमुख आकर्षण रहे, जिन्हें कलाकारों ने अपने अनूठे अंदाज में प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से राजस्थान की लोक संस्कृति की विविधता और समृद्ध परंपराओं का जीवंत चित्रण देखने को मिला। अतिथियों ने कलाकारों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए राजस्थान की सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षित और प्रोत्साहित करने की आवश्यकता पर बल दिया।

