सिंगरौली
अटल सामुदायिक भवन बिलौजी में जिला स्तरीय सूर्योपासना पर्व का आयोजन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग के निर्देशानुसार अटल सामुदायिक भवन, बिलौजी में जिला स्तरीय विक्रमोत्सव एवं सूर्योपासना पर्व का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती की वंदना एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर राज्यमंत्री पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग राधा सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में विधायक रामनिवास शाह, विधायक देवसर राजेन्द्र मेश्राम, कलेक्टर गौरव बैनल, पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री, जिला पंचायत सीईओ जगदीश गोमें, नगर निगम अध्यक्ष देवेश पाण्डेय, भाजपा जिलाध्यक्ष सुन्दर लाल शाह तथा जिला पंचायत उपाध्यक्ष अर्चना सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे।
विक्रमादित्य युग नवजागरण की धुरी: राज्यमंत्री
राज्यमंत्री राधा सिंह ने नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सम्राट विक्रमादित्य भारतीय इतिहास के महान, पराक्रमी और न्यायप्रिय शासक थे। उनके नाम पर प्रारंभ हुआ विक्रम संवत आज भी भारतीय पंचांग का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने कहा कि विक्रमादित्य युग परिवर्तन और नवजागरण की महत्वपूर्ण धुरी रहा है तथा यह हमारी सांस्कृतिक धरोहर का प्रतीक है। उन्होंने जल गंगा संवर्धन अभियान में जनभागीदारी सुनिश्चित करने, जल संरक्षण और पौधरोपण के लिए भी लोगों से अपील की।
विक्रम संवत हमारी संस्कृति का आधार: विधायक
विधायक रामनिवास शाह ने नूतन वर्ष एवं नवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विक्रम संवत भारतीय संस्कृति और परंपराओं का आधार है, जिसके अनुसार हमारे धार्मिक और सामाजिक कार्य निर्धारित होते हैं। वहीं देवसर विधायक राजेन्द्र मेश्राम ने कहा कि विक्रम संवत की शुरुआत 57 ईसा पूर्व हुई थी और यह भारतीय कालगणना का महत्वपूर्ण आधार है, जो आज भी प्रचलित है।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और सम्मान
कार्यक्रम में एक्सट्रीम आर्ट एंड एजुकेशनल सोसायटी, सीधी के कलाकारों द्वारा सम्राट विक्रमादित्य पर आधारित नाट्य मंचन किया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने सराहा। अंत में अतिथियों द्वारा कलाकारों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर तहसीलदार सविता यादव, अभिषेक यादव, अतिरिक्त सीईओ जिला पंचायत अरविंद डामोर, जिला शिक्षा अधिकारी एस.बी. सिंह, डीपीसी आर.एल. शुक्ला, उपसंचालक उद्यानिकी एच.एल. निमोरिया, जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक राजकुमार विश्वकर्मा सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी और नागरिक उपस्थित रहे।



