
नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
फरीदपुर (बरेली) : नवीन तहसील फरीदपुर में गुरुवार को उस वक्त हड़कंप मच गया जब मंडलायुक्त औचक निरीक्षण करने पहुंच गये । दोपहर लगभग 2:30 बजे मंडलायुक्त सीधे तहसील परिसर पहुंचे, जहाँ उनके साथ जिलाधिकारी अविनाश सिंह भी मुख्य रूप से मौजूद रहे। लगभग आधे घंटे तक चले इस सघन निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने तहसील की कार्यप्रणाली और अभिलेखों के रखरखाव का बारीकी से जायजा लिया।
मंडलायुक्त ने सबसे पहले उपजिलाधिकारी न्यायालय का रुख किया, जहाँ उन्होंने न्यायालय से संबंधित विभिन्न अभिलेखों और लंबित वादों की स्थिति को देखा। इसके पश्चात उन्होंने रिकॉर्ड रूम का निरीक्षण किया और वहां रखी पत्रावलियों के व्यवस्थित रख-रखाव को परखा। आर.के. (राजस्व विभाग) कक्ष के निरीक्षण के दौरान उन्होंने कर्मचारियों से उनके द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान सभी अनुभागों में कार्य सुचारू रूप से चलते पाए गए। मंडलायुक्त ने फाइलों के अपडेशन और कर्मचारियों की उपस्थिति पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनमानस के कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और पारदर्शिता के साथ समयबद्ध निस्तारण उनकी प्राथमिकता है। करीब 30 मिनट तक चले इस औचक निरीक्षण के दौरान जिले के उच्चाधिकारियों की मौजूदगी ने व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद बनाए रखा। इस अवसर पर अविनाश सिंह (जिलाधिकारी),पूर्णिमा सिंह (एडीएम प्रशासन),मल्लिका नैन (उपजिलाधिकारी, फरीदपुर) प्रशांत अवस्थी (तहसीलदार),शिवम पांडे व अजय सिंह (नायब तहसीलदार) सहित तहसील के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।



