सिंगरौली
जमुवा ईदगाह में सुबह 7:30 बजे अदा होगी ईद-उल-फितर की नमाज़

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। अंजुमन अहले हदीस बैढ़न द्वारा ग्राम जमुवा स्थित ईदगाह में ईद-उल-फितर की नमाज़ सुबह 7:30 बजे अदा की जाएगी। इसकी जानकारी मध्यप्रदेश अल्पसंख्यक विकास कमेटी के प्रदेश उपाध्यक्ष अधिवक्ता उसैद हसन सिद्दीकी ने दी। उन्होंने बताया कि यदि 19 मार्च को चांद दिखाई देता है, तो ईद 20 मार्च को मनाई जाएगी, अन्यथा चांद न दिखने पर 21 मार्च को ईद-उल-फितर मनाई जाएगी।
अंजुमन के सदर अब्दुल अहद सिद्दीकी और सचिव मोहम्मद यूसुफ खान ने बताया कि नमाज़ का समय आम लोगों की सुविधा और धूप को ध्यान में रखते हुए निर्धारित किया गया है, ताकि अधिक से अधिक लोग समय पर ईदगाह पहुंच सकें।
जमुवा ईदगाह में महिलाओं के लिए भी पर्दा व्यवस्था की गई है, जिससे वे भी नमाज़ अदा कर सकेंगी। नमाज़ के बाद देश में अमन, शांति और भाईचारे के लिए विशेष दुआ की जाएगी।
अधिवक्ता उसैद हसन सिद्दीकी ने जिला प्रशासन से ईद के दिन बिजली और यातायात व्यवस्था सुचारू रखने की अपील की है। साथ ही नगर निगम से ईदगाह में पानी का टैंकर उपलब्ध कराने और शहर में सुबह 6:30 बजे नियमित जल आपूर्ति सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है।
उन्होंने सभी लोगों से अपील की है कि समय का पालन करते हुए अधिक संख्या में ईदगाह पहुंचें और आपसी भाईचारे के साथ ईद का पर्व मनाएं। साथ ही शहरवासियों को ईद की मुबारकबाद दी है।



