बरेली
नव संवत्सर पर ‘श्री महादेव व्रर्तोत्सव पत्रिका’ का भव्य विमोचन
धर्म–ज्योतिष और संस्कृति का अद्भुत संगम

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली : फरीदपुर नव संवत्सर के पावन अवसर पर फरीदपुर क्षेत्र में ‘श्री महादेव व्रर्तोत्सव पत्रिका’ के नवम् अंक का विधिवत एवं भव्य विमोचन श्रद्धा, उत्साह और आध्यात्मिक वातावरण के बीच संपन्न हुआ। कार्यक्रम में धर्मप्रेमियों, विद्वानों एवं शिवभक्तों की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन को विशेष बना दिया।
इस अवसर पर पत्रिका के संपादक आचार्य संजीव कुमार मिश्रा ने समस्त श्रद्धालु पाठकों, शिवभक्तों एवं धर्मनिष्ठ जनों को नव संवत्सर की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पत्रिका केवल एक प्रकाशन नहीं, बल्कि श्रद्धा, साधना और समाज के सहयोग का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने बताया कि मां जगदम्बा, मां शारदा एवं भगवान भोलेनाथ की असीम कृपा से यह पत्रिका निरंतर आध्यात्मिक, सांस्कृतिक एवं ज्योतिषीय ज्ञान के प्रसार का माध्यम बनी हुई है।
संपादक ने अपने संबोधन में वर्तमान समय में घटते नैतिक मूल्यों एवं सांस्कृतिक चेतना पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसी पत्रिकाएं समाज को सही दिशा देने, धर्म एवं संस्कारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा आध्यात्मिक उन्नति के मार्ग पर अग्रसर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।पत्रिका के नवम् अंक में तिथि, वार, नक्षत्र, ग्रह-स्थिति, व्रत-त्योहार, राशि-फल सहित विविध ज्योतिषीय एवं धार्मिक जानकारियों को अत्यंत सरल एवं उपयोगी शैली में प्रस्तुत किया गया है, जिससे पाठकों को वर्षभर मार्गदर्शन प्राप्त हो सके।
संवत 2083 का ज्योतिषीय परिदृश्य
पत्रिका में प्रकाशित ज्योतिषीय विश्लेषण के अनुसार संवत 2083 ‘रौद्र’ नामक संवत्सर रहेगा। इस वर्ष के राजा गुरु (बृहस्पति) एवं मंत्री मंगल होंगे, जो शासन-प्रशासन में संतुलन, निर्णय क्षमता और विकास के संकेत देते हैं।
विमोचन में उपस्थित प्रमुख महानुभाव
कार्यक्रम में ,डॉ. अनिल मिश्रा ,पं. दुजेंद्र कुमार मिश्रा, राजेश अग्रवाल, मुनीश सक्सेना, योगेंद्र मिश्रा, संकेत शंखधार, अवनीश सिंह, आकाश श्रीवास्तव,नरेश सक्सेना, मनोज शर्मा, कुलदीप सैनी, विश्वनाथ सिंह, तुषार, समीक्षा, प्रतिक्षा, दृष्टांत एवं अक्षत सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।




