सिंगरौली
नगर निगम ने सम्पत्ति कर के बड़े बकायादारों को किया नोटिस जारी
7 दिन में भुगतान नहीं करने पर होगी कुर्की की कार्रवाई: नगर निगम

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। नगर पालिक निगम सिंगरौली द्वारा सम्पत्ति कर के बड़े बकायादारों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी गई है। नगर निगम के डिप्टी कमिश्नर आर.पी. बैस ने औद्योगिक कंपनियों एवं अन्य संस्थानों को नोटिस जारी कर सात दिवस के भीतर बकाया कर जमा करने के निर्देश दिए हैं।
निगम द्वारा जारी सूची के अनुसार कई कंपनियों और प्रतिष्ठानों पर लाखों रुपये का सम्पत्ति कर बकाया है। इनमें डीबीएल कंपनी निगाही (4.25 लाख रुपये), सिक्कल लॉजिस्टिक (8.72 लाख रुपये), पीसी पटेल (5.67 लाख रुपये), राम कृपाल कंपनी (2.26 लाख रुपये), कंद्रोई ट्रांसपोर्ट (12.83 लाख रुपये), विन्ध्या एग्रो इंडस्ट्री (12.62 लाख रुपये), लार्सन एंड टर्बो लिमिटेड (8.85 लाख रुपये), लोहिया एग्रो राइस मिल (4.51 लाख रुपये), रुद्राक्ष हाईटेक (2.19 लाख रुपये), विपिन कुमार जायसवाल (1.90 लाख रुपये), शिवा इंडस्ट्रीज (1.73 लाख रुपये), भारत पेट्रोलियम (1.59 लाख रुपये) तथा डोजको इंडिया (1.04 लाख रुपये) शामिल हैं।
इसी तरह अन्य बकायादारों में विंध्या मेटल्स (1.03 लाख रुपये), अब्दुल अहाद बाजार इंडिया (2.04 लाख रुपये), होटल सागर (नरेश कुमार शाह) (2.45 लाख रुपये) एवं सेंट जोसेफ स्कूल (3.04 लाख रुपये) को भी नोटिस जारी किया गया है।
डिप्टी कमिश्नर आर.पी. बैस ने स्पष्ट किया है कि यदि संबंधित बकायादार निर्धारित सात दिवस के भीतर कर जमा नहीं करते हैं, तो उनके विरुद्ध चल-अचल संपत्ति की कुर्की कर वसूली की कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम ने सभी बकायादारों से समय सीमा के भीतर भुगतान कर अनावश्यक कार्रवाई से बचने की अपील की है।



