पाकुड़ को बड़ी रेल सौगात, शताब्दी समेत दो प्रमुख ट्रेनों का ठहराव मंजूर
Pakur gets a big rail gift, stoppage of two major trains including Shatabdi approved.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़/लिट्टीपाड़ा। क्षेत्रवासियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। पाकुड़ रेलवे स्टेशन पर अब दो महत्वपूर्ण ट्रेनों का ठहराव स्वीकृत कर दिया गया है। यह उपलब्धि लिट्टीपाड़ा विधायक सह सदस्य, क्षेत्रीय रेलवे उपभोक्ता सलाहकार समिति (पूर्व रेलवे, कोलकाता) हेमलाल मुर्मू एवं केंद्रीय महासचिव पंकज मिश्रा के संयुक्त प्रयासों का परिणाम मानी जा रही है। रेल मंत्रालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार 12041/12042 हावड़ा–न्यू जलपाईगुड़ी शताब्दी एक्सप्रेस तथा 22611/ 22612 एमजीआर सेंट्रल–न्यू जलपाईगुड़ी एक्सप्रेस का ठहराव अब पाकुड़ स्टेशन पर होगा। रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार इन ट्रेनों का ठहराव प्रारंभ में प्रयोगात्मक आधार पर शुरू किया जायेगा। इसके साथ ही टिकट बिक्री और यात्रियों की संख्या पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है, ताकि भविष्य में इसे स्थायी ठहराव में परिवर्तित किया जा सके। अब तक क्षेत्र के लोगों को लंबी दूरी की ट्रेनों के लिए अन्य स्टेशनों पर निर्भर रहना पड़ता था, जिससे समय और खर्च दोनों अधिक लगता था। इस निर्णय के बाद यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी, वहीं व्यापार और क्षेत्रीय विकास को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।स्थानीय लोगों ने इस फैसले का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक कदम बताया है और जनप्रतिनिधियों के प्रयासों की सराहना की है।



