असम के तिनसुकिया निर्वाचन जिले में प्रेजाइडिंग व प्रथम पोलिंग अधिकारियों का द्वितीय चरण प्रशिक्षण सम्पन्न।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
असम के तिनसुकिया निर्वाचन जिले में विधानसभा निर्वाचन-2026 के लिए जिला प्रशासन और जिला निर्वाचन शाखा द्वारा व्यापक तैयारियां तेजी से जारी हैं। 9 अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव के मतदान को सुचारु रूप से संपन्न कराने हेतु तिनसुकिया, माकूम, डुमडुमा, डिगबई, मार्घेरिटा एवं सदिया विधानसभा क्षेत्र के लिए नियोजित प्रेजाइडिंग अधिकारियों और प्रथम पोलिंग अधिकारियों का द्वितीय चरण का प्रशिक्षण आज तिनसुकिया महाविद्यालय एवं तिनसुकिया वाणिज्य महाविद्यालय में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण सत्र में पोलिंग अधिकारियों को बैलेट यूनिट (BU), इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) एवं वोटर वेरिफायेबल पेपर ऑडिट ट्रेल (VVPAT) के व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। अधिकारियों को मॉक पोल के माध्यम से मतदान प्रक्रिया का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त हुआ। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त सदिया, डुमडुमा एवं तिनसुकिया विधानसभा समष्टियों के सामान्य पर्यवेक्षक डॉ. अभिनव त्रिखा तथा माकूम, मार्घेरिटा एवं डिगबई विधानसभा क्षेत्र के सामान्य पर्यवेक्षक मिताली नामचुम ने प्रशिक्षण प्रक्रिया का बारीकी से अवलोकन किया। उल्लेखनीय है कि पूरे राज्य के साथ तिनसुकिया निर्वाचन जिले की 6 विधानसभा क्षेत्र में कुल 1281 मतदान केंद्रों पर मतदान होगा। जिले में मतदान प्रक्रिया को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए 1280 प्रेजाइडिंग अधिकारी तथा 3840 प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पोलिंग अधिकारी नियुक्त किए गए हैं।शिकायत हेतु कंट्रोल रूम स्थापितअसम विधानसभा निर्वाचन-2026 से संबंधित किसी भी जानकारी या शिकायत के लिए तिनसुकिया जिला आयुक्त कार्यालय में (DDMA कंट्रोल रूम) नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। नागरिक निर्वाचन संबंधी जानकारी प्राप्त करने या शिकायत दर्ज कराने हेतु नियंत्रण कक्ष के 18003453936 या 1950 नंबर पर संपर्क कर सकते हैं।



