ललितपुर
ललितपुर रेलवे स्टेशन पर सनसनीखेज चोरी का सिलसिला
दो आर्मी जवानों के सामान ट्रेन में उड़ाए, सोते हुए यात्री लुटे
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
ललितपुर। रेलवे पुलिस (जीआरपी झांसी अनुभाग) में दो दिनों के अंदर दो बड़े चोरी के मामले सामने आए हैं। दोनों ही घटनाएं ललितपुर रेलवे स्टेशन के पास चलती ट्रेनों में हुईं, जहां यात्री गहरी नींद में सो रहे थे। अज्ञात चोर ने नींद का फायदा उठाकर आर्मी संबंधित जवानों के कीमती सामान चुरा लिए। दोनों मामलों में धारा 305(सी) बीएनएस के तहत एफआईआर दर्ज की गई है और जांच अवर निरीक्षक योगेंद्र सिंह को सौंपी गई है।
पहला मामला
महाराष्ट्र राज्य के राह -वणी निवासी आर्मी जवान वैभव मोरेश्वर चिंचुलकर ने बताया कि वह बीती 21 फरवरी 2026 को ट्रेन नंबर 05074 पूजा स्पेशल एक्सप्रेस (कोच एम/8, बर्थ 18) से बरेली से नागपुर जा रहे थे। सुबह करीब 5 बजे जब ट्रेन ललितपुर स्टेशन के पास से गुजर रही थी, उन्होंने अपनी नींद खुली तो देखा कि सिरहाने रखा लेडीज पिंक पर्स गायब है। पर्स में ओप्पो ए 9 मोबाइल, ईयरबड्स, एक हजार रुपये नगदी और अन्य सामान था। कुल क्षति करीब 18 हजार रुपये बताई गई। यात्री ने नागपुर पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई, जो बाद में ललितपुर जीआरपी को ट्रांसफर हुई।
दूसरा मामला
आगरा के तुलसी कुंज कॉलोनी, जगनेर रोड निवासी 60 वर्षीय पूर्व आर्मी जवान अशरफ अली ने बताया कि वह बीती 17 फरवरी 2026 को ट्रेन नंबर 22168 उर्जाधानी एक्सप्रेस (कोच एस/6, बर्थ 9) से आगरा कैंट से सिंगरौली जा रहे थे। सुबह 6.30 बजे ट्रेन ललितपुर के पास पहुंची तो उनका फौजी कलर का पिठ्ठू बैग गायब मिला। बैग में आर्मी डिस्चार्ज बुक, आई कार्ड, ईसीएचएस मिलिट्री हॉस्पिटल कार्ड, पैन कार्ड, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, मोबाइल चार्जर, स्टील थर्मस, दवाइयां, कैंटीन कार्ड और 5300 रुपये नगदी थी। कुल नुकसान 5,500 रुपये। सिंगरौली चौकी में रिपोर्ट दर्ज हुई, जो ललितपुर जीआरपी भेज दी गई।
