
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त बल तैनाती और गश्ती बढ़ाने के निर्देश, अफवाह फैलाने वालों पर सख्ती
मेहरमा : आगामी त्योहारों को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार ने मेहरमा प्रभाग स्थित पुलिस निरीक्षक कार्यालय का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था एवं विधि-व्यवस्था की तैयारियों की गहन समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए की गई तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से रामनवमी एवं ईद को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने पर जोर दिया। इस मौके पर महागामा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चंद्रशेखर आजाद, मेहरमा प्रभाग की पुलिस निरीक्षक रूबी मिंज, मेहरमा थाना प्रभारी सौरभ कुमार ठाकुर, बलबड्डा थाना प्रभारी पंकज कुमार सिंह तथा ठाकुरगंगटी थाना प्रभारी राजन कुमार राम उपस्थित रहे। पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिया कि संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। साथ ही नियमित गश्ती बढ़ाने और किसी भी प्रकार की अफवाह पर कड़ी नजर रखने को कहा गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि शांति भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि आम जनता के सहयोग से ही क्षेत्र में शांति और सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखा जा सकता है। प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है ताकि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न हो और लोग सुरक्षित वातावरण में अपने-अपने पर्व मना सकें।



