गोड्डा

पोड़ैयाहाट में तीन दिवसीय खेल व सांस्कृतिक महोत्सव का आगाज़

फुटबॉल मैच से हुई भव्य शुरुआत

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
पोड़ैयाहाट : प्रखंड के सुग्गाबथान मॉडल कॉलेज के सामने स्थित खेल मैदान में अमर शहीद सिदो-कान्हु सह डेम विरोधी जन एकता समिति द्वारा आयोजित तीन दिवसीय खेल प्रतियोगिता सह आदिवासी कला, नृत्य एवं संस्कृति समारोह का शुभारंभ फुटबॉल प्रतियोगिता के साथ किया गया। कार्यक्रम में खिलाड़ियों और दर्शकों की भारी भीड़ देखने को मिली, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल बना रहा। उद्घाटन समारोह के अवसर पर मुख्य रूप से झारखंड मुक्ति मोर्चा के जिला अध्यक्ष प्रो. प्रेम नन्दन कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी पोड़ैयाहाट फुलेश्वर मुर्मू, विधायक प्रतिनिधि अजीत महात्मा, वरिष्ठ नेता घनश्याम यादव, युवा जिला अध्यक्ष राजेश हांसदा, सुशील टुडू, श्यामलाल सोरेन, मानवेल मुर्मू, पंचायत समिति सदस्य सहित खेल समिति के पदाधिकारी, खिलाड़ी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला अध्यक्ष प्रो. प्रेम नन्दन कुमार, बीडीओ फुलेश्वर मुर्मू, अजीत महात्मा एवं राजेश हांसदा ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने खेल और संस्कृति के महत्व पर प्रकाश डालते हुए युवाओं को समाज निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया। अपने संबोधन में प्रो. प्रेम नन्दन कुमार ने कहा कि यह धरती ऐतिहासिक रही है, जहां से बाबा दिशोम गुरु शिबू सोरेन के नेतृत्व में झारखंड मुक्ति मोर्चा ने आंदोलन की शुरुआत की थी। उन्होंने कहा कि खेल के माध्यम से समाज को जागरूक करने और युवाओं को संगठित करने का कार्य लंबे समय से किया जाता रहा है।उन्होंने आगे कहा कि वर्तमान में राज्य में हेमंत सोरेन के नेतृत्व में सरकार जनहितकारी योजनाओं को प्रभावी रूप से लागू कर रही है। युवाओं से आह्वान किया गया कि वे इन योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सहयोग करें तथा शिक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करें, तभी समाज का समग्र विकास संभव हो सकेगा। कार्यक्रम के पहले दिन खेले गए फुटबॉल मैच ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया और आगामी दिनों में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के साथ आदिवासी कला, नृत्य एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button