तेतुलिया ने जीता फुटबॉल का खिताब, भैंसा लड़ाई देखने उमड़ी ग्रामीणों की भीड़
Tetulia wins football title; crowd of villagers gathers to watch buffalo fight.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। जिले के पाकुड़िया प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत छोटा उदलबनी पहाड़ी की ओर से शनिवार को दो दिवसीय फुटबॉल एवं भैंसा लड़ाई प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता को लेकर क्षेत्र के ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला परिषद अध्यक्ष जुली ख्रिष्टमणी हेम्ब्रम उपस्थित रहीं। फुटबॉल प्रतियोगिता में विभिन्न क्षेत्रों से पहुंची टीमों ने हिस्सा लिया। रोमांचक मुकाबले के बाद तेतुलिया की टीम ने प्रथम पुरस्कार हासिल किया, जबकि बलिया की टीम द्वितीय स्थान पर रही। आयोजन समिति की ओर से विजेता एवं उपविजेता टीम को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। वही आयोजित भैंसा लड़ाई प्रतियोगिता में दूर-दराज के क्षेत्रों से पहुंचे प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुटी रही। बेहतर प्रदर्शन करने वाले भैंसों को अलग-अलग पुरस्कार प्रदान किए गए। प्रतियोगिता में द्वितीय पुरस्कार दुर्गापुर निवासी सुनील हांसदा के भैंसे ने हासिल किया। उन्हें आयोजन समिति की ओर से 5 हजार रुपये का पुरस्कार प्रदान किया गया। मौके पर क्लब अध्यक्ष परमेश्वर मुर्मू, सचिव सिमोन बास्की, देवीधन टुडू, रायमन टुडू, भीमसेट मुर्मू, दिनेश मरांडी, मिलियस मुर्मू समेत क्लब के अन्य सदस्य एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।



