गाजियाबाद

लोनी में परशुराम जयंती समारोह की घोषणा

यूजीसी कानून पर सवर्ण महासंघ का सरकार के खिलाफ प्रदर्शन का ऐलान

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : राष्ट्रवादी सवर्ण महासंघ के पदाधिकारियों ने शनिवार को आयोजित एक प्रेस वार्ता में आगामी 3 मई को भगवान परशुराम जन्मोत्सव के अवसर पर भव्य समारोह आयोजित करने की घोषणा की। दो नंबर बस स्टैंड के पास स्थित संगठन के कार्यालय में हुई इस वार्ता में पदाधिकारियों ने केंद्र सरकार की नीतियों, विशेषकर यूजीसी कानून को लेकर अपनी तीखी आपत्ति जताई और भाजपा पर वोट बैंक की राजनीति करने का आरोप लगाया।
राष्ट्रीय वादी सवर्ण महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित सतीश शर्मा ने बताया कि अनामिका स्कूल के निकट मैदान में बड़े स्तर पर परशुराम जयंती का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें सभी समाजों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि भगवान परशुराम किसी एक वर्ग के नहीं, बल्कि सभी के आराध्य हैं, इसलिए आयोजन को सर्वसमाज के उत्सव के रूप में मनाया जाएगा।
प्रेस वार्ता के दौरान पंडित सतीश शर्मा ने सरकार पर भेदभावपूर्ण नीतियां अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि एक ओर परशुराम जयंती की छुट्टी समाप्त कर दी गई, वहीं दूसरी ओर अन्य महापुरुषों की जयंती के आयोजनों के लिए भारी बजट स्वीकृत किया गया। उन्होंने इसे जातीय राजनीति को बढ़ावा देने वाला कदम बताया और चेतावनी दी कि इसका राजनीतिक परिणाम भाजपा को आगामी चुनाव में भुगतना पड़ सकता है।
महासंघ के उपाध्यक्ष व प्रभारी मनीष ठाकुर ने भी केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यूजीसी कानून के कारण सवर्ण समाज एकजुट हुआ है। उन्होंने सभी वर्गों से एक मंच पर आने और 3 मई के आयोजन में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि संगठन की मांगों पर विचार नहीं किया गया, तो भविष्य में बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।

वहीं, उत्तर प्रदेश की महिला प्रभारी संगीता ठाकुर ने यूजीसी कानून को समाज में विभाजनकारी बताते हुए कहा कि इससे शैक्षणिक संस्थानों में भेदभाव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। उन्होंने महिलाओं के आरक्षण के संदर्भ में भी सरकार से स्पष्टता की मांग की और कहा कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया, तो वे सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करेंगी।

इस अवसर पर पूर्व सभासद बबलू शर्मा, सतीश त्यागी और शिवकुमार वशिष्ठ सहित कई अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button