ललितपुर
ललितपुर मेडिकल कॉलेज के 300 बेड अस्पताल में ओपीडी-आईपीडी सेवाओं का शुभारंभ

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय के 300 बेड चिकित्सालय में गुरुवार को ओपीडी एवं आईपीडी सेवाओं का विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि क्षेत्रीय सांसद अनुराग शर्मा ने फीता काटकर किया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की मौजूदगी में अस्पताल की नई सुविधाओं का अवलोकन किया गया। कार्यक्रम में राज्यमंत्री मनोहर लाल, सदर विधायक रामरतन कुशवाहा, पंचायत अध्यक्ष कैलाश नारायण, नपाध्यक्ष सोनाली जैन, जिलाध्यक्ष हरिश्चंद्र रावत, सीडीओ शेषनाथ, दिनेश गोस्वामी सहित अन्य जनप्रतिनिधि और पत्रकार उपस्थित रहे। महाविद्यालय प्रशासन द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य जनपद और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बेहतर एवं विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना बताया गया। अतिथियों ने अस्पताल परिसर का निरीक्षण करते हुए विभिन्न विभागों में उपलब्ध सुविधाओं और मरीजों के लिए की गई व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डा. मयंक शुक्ला और मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा. गजेंद्र सिंह सहित चिकित्सकगण, नर्सिंग स्टाफ और कर्मचारी मौजूद रहे। प्राचार्य डा.मयंक शुक्ला ने कहा कि 300 बेड चिकित्सालय का संचालन ललितपुर के स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक चरण में ओपीडी और आईपीडी सेवाएं शुरू की गई हैं, जिससे मरीजों को स्थानीय स्तर पर विशेषज्ञ इलाज की सुविधा मिल सकेगी। भविष्य में अस्पताल में और अधिक विशेषज्ञ सेवाओं का विस्तार किया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अतिथियों, अधिकारियों, चिकित्सकों और कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया गया।



