कैराना

रास्ते पर कब्जे के विवाद में घर में घुसकर मारपीट का आरोप

तीन के खिलाफ मुकदमा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कैराना। क्षेत्र के गांव बीनड़ा में पैतृक रास्ते को लेकर चल रहे विवाद ने तूल पकड़ लिया। एक व्यक्ति ने पड़ोसियों पर रास्ते पर कब्जे की कोशिश, घर में घुसकर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है।
गांव बीनड़ा निवासी योगेश चौहान ने कोतवाली कैराना में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उसके पड़ोसी दीपक, विनय और सहेन्द्र पैतृक भूमि में स्थित आम रास्ते पर कब्जा करने की नीयत रखते हैं। आरोप है कि इसी बात को लेकर आरोपी अक्सर उसके परिवार के साथ गाली-गलौज और झगड़ा करते रहते हैं। पीड़ित के अनुसार सात मई को दोपहर करीब 12 बजे आरोपी उसके घर के मुख्य गेट को तोड़ने लगे। शोर सुनकर जब वह और उसकी पत्नी मौके पर पहुंचे तथा विरोध किया तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट कर दी। आरोप है कि बीच-बचाव करने पर पत्नी के साथ भी अभद्रता की गई और मारपीट की गई। तहरीर में कहा गया है कि आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से घर में जबरन प्रवेश किया। इस दौरान उनकी पुत्रियों ने बचाव का प्रयास किया तो उनके साथ भी गाली-गलौज की गई। शोर मचाने पर आरोपी पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पीड़ित का आरोप है कि 16 मई को भी आरोपियों ने दोबारा गाली-गलौज की और घर के सामने दीवार बनाकर रास्ते पर अवैध कब्जा करने का प्रयास किया। विरोध करने पर परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई। पीड़ित ने दावा किया है कि घटना से संबंधित कुछ बातचीत और धमकियों की रिकॉर्डिंग उसके मोबाइल फोन में मौजूद है। योगेश चौहान ने पुलिस से परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button