पुलिस अधीक्षक ने कैराना में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था परखी
बाजारों, चौराहों और संवेदनशील क्षेत्रों का किया निरीक्षण, आमजन को सुरक्षा का दिलाया भरोसा

कैराना। जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक शामली एन.पी. सिंह ने रविवार को थाना कैराना क्षेत्र में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कस्बे के प्रमुख बाजारों, संवेदनशील स्थलों, सार्वजनिक स्थानों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा की।
पैदल गश्त के दौरान पुलिस अधीक्षक ने व्यापारियों, स्थानीय नागरिकों एवं आमजन से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं और सुझावों को सुना तथा उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि जनपद पुलिस नागरिकों की सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
निरीक्षण के दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्कता और सजगता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए गए। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों एवं गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने तथा किसी भी अप्रिय घटना की सूचना मिलने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
गश्त के दौरान आमजन को साइबर अपराधों से बचाव, महिला सुरक्षा तथा यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया। पुलिस अधीक्षक ने नागरिकों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी कैराना, प्रभारी निरीक्षक थाना कैराना सहित पुलिस बल के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

