सिंगरौली में 11 मई को निकलेगी भगवान परशुराम की भव्य शोभायात्रा, सर्व ब्राह्मण समाज करेगा नेतृत्व

सिंगरौली, | सिंगरौली जिले में इस बार भगवान परशुराम जन्मोत्सव को लेकर भव्य तैयारियाँ की जा रही हैं। 11 मई को सर्व ब्राह्मण समाज के नेतृत्व में एक ऐतिहासिक शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें जिलेभर के साथ ही देश के विभिन्न कोनों से जुड़े ब्राह्मण समाज के लोग एकत्र होकर संस्कृति और एकता का प्रदर्शन करेंगे।
इस कार्यक्रम के संयोजक पंडित राजेश दुबे ने जानकारी दी कि इस बार ब्राह्मण समाज ने अभूतपूर्व एकजुटता दिखाई है। उन्होंने बताया कि सिंगरौली जिले में उत्तर से दक्षिण और पूरब से पश्चिम तक के सभी ब्राह्मण वर्गों के लोग निवास करते हैं, और इस विविधता को एकता में बदलकर समाज ने इस शोभायात्रा को एक सांस्कृतिक पर्व में तब्दील करने का संकल्प लिया है।
परशुराम भक्ति में डूबेगा सिंगरौली: शोभायात्रा का भव्य रूट तय
पंडित राजेश दुबे ने बताया कि शोभायात्रा की शुरुआत नगर निगम कार्यालय के पास स्थित शिव मंदिर से होगी, जहां शाम 3 बजे से श्रद्धालुओं का एकत्रीकरण शुरू होगा।
03:30 बजे से जयकारों और भक्ति गीतों के साथ शोभायात्रा प्रारंभ होगी, जो नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होती हुई बैढ़न हनुमान मंदिर पहुंचेगी। यहां पर महाप्रसाद वितरण का आयोजन किया जाएगा।
इस अवसर पर पारंपरिक वेशभूषा, ध्वज, डोल-नगाड़े और भक्ति संगीत के माध्यम से भगवान परशुराम की गाथा को जीवंत किया जाएगा।
ब्राह्मण समाज की एकता और परंपरा का प्रतीक बनेगा यह आयोजन
इस शोभायात्रा को लेकर ब्राह्मण समाज के लोगों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। पंडित दुबे ने बताया कि यह आयोजन सिर्फ धार्मिक नहीं, बल्कि सामाजिक एकता का प्रतीक भी है।
“आज जब समाज में विघटन और अलगाव की प्रवृत्तियाँ पनप रही हैं, तब ब्राह्मण समाज यह संदेश देगा कि संस्कृति, परंपरा और एकता ही हमारी असली पहचान है,” – उन्होंने कहा।
प्रशासन से सहयोग की अपील
आयोजकों ने प्रशासन और नगर निगम से शोभायात्रा के सफल आयोजन के लिए सुरक्षा, यातायात नियंत्रण और सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने की अपील की है।