बेतुल

बैतूल खंजनपुर में बिना नक्शा पास कराए बन रहा मकान

एफआईआर के बाद भी बेखौफ जारी है निर्माण कार्य  अवैध निर्माण और सरकारी नाले पर अतिक्रमण का मामला गरमाया

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
बैतूल। खंजनपुर क्षेत्र में अवैध कॉलोनी काटने के मामले में एफआईआर दर्ज हो चुकी है और प्रशासन कब्जा ले चुका है, उसी क्षेत्र में अब बिना नगरपालिका की स्वीकृति के मकान निर्माण किए जाने का आरोप लगा है। शिकायतकर्ता ने निर्माण कार्य तत्काल रोकने और संबंधित लोगों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
शहर के मौजा खंजनपुर स्थित रामकृष्ण कॉलेज के पूर्व दिशा में स्थित खसरा क्रमांक 21/1, रकबा 0.607 हेक्टेयर से जुड़े मामले में शिकायतकर्ता शशिकांत दानी ने मुख्य नगरपालिका अधिकारी को  शिकायत करते हुए बताया है कि उक्त भूमि पर बिना स्वीकृत नक्शे और बिना ले-आउट के प्लॉटों की बिक्री की गई, जो शासन के नियमों के विपरीत है।
शिकायत में उल्लेख किया गया है कि टिकारी निवासी अनावेदक द्वारा इस भूमि पर अवैधानिक रूप से कॉलोनी विकसित की गई थी। इस गंभीर अनियमितता के चलते प्रशासन पहले ही उक्त भूमि को अपने प्रबंधन में ले चुका है तथा अनावेदक के विरुद्ध गंज थाना बैतूल में एफआईआर भी दर्ज कराई जा चुकी है। इसके बावजूद क्षेत्र में नियमों की अनदेखी कर निर्माण कार्य जारी रहने का आरोप लगाया गया है।
शिकायत के अनुसार अनावेदक ने इसी क्षेत्र में एक प्लॉट खरीदा है और नगरपालिका से भवन निर्माण का नक्शा स्वीकृत कराए बिना मकान का निर्माण तेजी से कराया जा रहा है। शिकायतकर्ता का कहना है कि यह निर्माण पूरी तरह नियमों के विपरीत है और इस पर तत्काल रोक लगाई जानी चाहिए।
मामले में यह भी आरोप लगाया गया है कि निर्माण कार्य के दौरान शासकीय नाला खसरा क्रमांक 35 तथा खसरा क्रमांक 36/55 की भूमि पर भी अतिक्रमण कर निर्माण किया जा रहा है। शिकायतकर्ता के अनुसार इससे शासन को राजस्व की हानि हो रही है और सरकारी भूमि पर कब्जे की स्थिति बन रही है।
शशिकांत दानी ने मुख्य नगरपालिका अधिकारी से मांग की है कि बिना स्वीकृति किए जा रहे निर्माण कार्य को तत्काल रोका जाए तथा संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाए।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button