ललितपुर
श्रावण मास में हजारिया महादेव मंदिर में 30 दिवसीय श्रीशिव सहस्रार्चन महाअनुष्ठान आज से
महंत गोपाल दास महाराज के सान्निध्य में पूरे श्रावण मास चलेगी अखण्ड शिव-आराधना

प्रतिदिन 1008 वस्तुओं से होगा भगवान शिव का विशेष पूजन
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। श्रावण मास के पावन अवसर पर कस्बा बांसी स्थित प्राचीन श्री हजारिया महादेव मंदिर में बुधवार से 30 दिवसीय श्री शिव सहस्रार्चन महाअनुष्ठान एवं अखण्ड शिव-आराधना साधना का शुभारंभ होगा। मंदिर के महंत गोपाल दासजी महाराज के सान्निध्य में आयोजित होने वाला यह धार्मिक अनुष्ठान पूरे श्रावण मास तक चलेगा, जिसमें प्रतिदिन भगवान भोलेनाथ का वैदिक विधि-विधान से अभिषेक, रुद्राभिषेक, सहस्रार्चन एवं शिव मंत्रों का जाप किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार श्रावण मास के प्रत्येक दिन भगवान श्रीहजारिया महादेव का दुग्ध, गंगाजल, पंचामृत एवं अन्य पवित्र सामग्रियों से दिव्य अभिषेक किया जाएगा। इसके साथ ही वैदिक मंत्रोच्चार के बीच रुद्राभिषेक, सहस्रार्चन और विशेष पूजन संपन्न होगा। पूरे माह मंदिर परिसर शिवमय वातावरण में गूंजता रहेगा। अनुष्ठान के दौरान प्रतिदिन भगवान शिव की 1008 पूजन सामग्रियों से विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी। श्रद्धालुओं के लिए भगवान शिव के दर्शन, पूजन और प्रसाद वितरण की भी विशेष व्यवस्था की गई है। बड़ी संख्या में शिवभक्तों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए मंदिर परिसर में आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। महंत गोपाल दासजी महाराज ने बताया कि यह महाअनुष्ठान राष्ट्र, धर्म और विश्वकल्याण की मंगलकामना के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। इसका संकल्प आत्मकल्याण से विश्वकल्याण, शिवभक्ति से राष्ट्रभक्ति और सनातन संस्कृति के संरक्षण को समर्पित है। उन्होंने कहा कि श्रावण मास भगवान शिव की आराधना का सर्वोत्तम समय माना जाता है और इस अवधि में की गई पूजा-अर्चना का विशेष आध्यात्मिक महत्व होता है। आयोजन समिति ने क्षेत्र के सभी शिवभक्तों से अपील की है कि वह अपने परिवार सहित अधिक से अधिक संख्या में श्री हजारिया महादेव मंदिर पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का पूजन-अर्चन करें, महाअनुष्ठान में सहभागिता निभाएं तथा शिव कृपा और प्रसाद का लाभ प्राप्त करें। श्रावण मास भर चलने वाले इस धार्मिक आयोजन को लेकर क्षेत्र के श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह का वातावरण है।



