ललितपुर
मुनि विशद सागर ससंघ का ललितपुर में होगा चातुर्मास
जैन समाज ने श्रीफल अर्पित कर किया विहार हेतु निवेदन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। ललितपुर में आगामी चातुर्मास के लिए जैन समाज द्वारा संतशिरोमणि आचार्य श्रेष्ठ विद्यासागर महाराज के प्रभावक शिष्य मुनि विशदसागर महाराज एवं मुनि शिवसागर महाराज से मध्य प्रदेश के सागर जिले के सानौधा स्थित जैन मंदिर पहुंचकर श्रीफल अर्पित करते हुए ललितपुर पधारने का निवेदन किया गया तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया गया।
ललितपुर से जैन पंचायत का एक प्रतिनिधिमंडल पार्श्वनाथ दिगंबर जैन अटामंदिर के प्रबंधक मनोज जैन, बबीना प्रबंध समिति के सदस्य अशोक जैन उमरिया के साथ सानौधा रवाना हुआ। प्रतिनिधिमंडल में शिखरचंद मड़वारी, मनोज पटवारी, शीलचंद जैन, नरेश जैन अछरोनी, हेमलता जैन, मालती जैन, पिंकी जैन सहित अन्य श्रद्धालु शामिल रहे। सभी ने सानौधा पहुंचकर विराजमान मुनि विशदसागर महाराज ससंघ को श्रीफल अर्पित कर चातुर्मास हेतु ललितपुर आने का आग्रह किया।
इससे पूर्व भी जैन पंचायत के अध्यक्ष डॉ. अक्षय टंडैया, श्रेष्ठी शीलचंद अनौरा, महामंत्री आकाश जैन, सनत जैन खजुरिया, संजय जैन ककडारी, पारस जैन मनया सहित अनेक समाजजनों ने सानौधा पहुंचकर मुनि श्री से ललितपुर चातुर्मास के लिए निवेदन किया था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पट्टाचार्य आचार्य श्री समयसागर महाराज की आज्ञा भी मुनि ससंघ के ललितपुर चातुर्मास के लिए प्राप्त हो चुकी है। शीघ्र ही मुनि ससंघ का ललितपुर के लिए विहार होने की संभावना है।
मुनि विशदसागर ससंघ के ललितपुर चातुर्मास को लेकर जैन समाज में विशेष उत्साह का वातावरण है। मुनि ससंघ की अगवानी एवं चातुर्मास की तैयारियों में जैन पंचायत के पदाधिकारी, विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाएं एवं समाजजन सक्रिय रूप से जुट गए हैं।



