जामताड़ा
गुलाब राय गुटगुटिया प्लस टू विद्यालय में शिक्षकों की मासिक समीक्षा बैठक
दिव्यांग बच्चों के विशेष नामांकन अभियान को लेकर प्रखंड स्तरीय बैठक आयोजित

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
जामताड़ा : करमाटांड़ प्रखंड अंतर्गत राजकीयकृत गुलाब राय गुटगुटिया प्लस टू विद्यालय में बुधवार को प्रखंड के सभी कोटि के विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों, बीआरपी, सीआरपी एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक के साथ-साथ दिव्यांग एवं विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के शत-प्रतिशत नामांकन को सुनिश्चित करने हेतु विशेष नामांकन अभियान पर प्रखंड स्तरीय बैठक भी संपन्न हुई।
बैठक की अध्यक्षता प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी सर्किल मरांडी ने की, जबकि संचालन प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी सावित्री किस्कू ने किया।
बैठक में अपार आईडी निर्माण, सामाजिक अंकेक्षण से संबंधित विद्यालयों की समीक्षा, शिक्षक बायोमेट्रिक उपस्थिति को शत-प्रतिशत सुनिश्चित करने, ई-विद्यावाहिनी में प्रतिदिन छात्र उपस्थिति अपलोड करने, एमडीएम एसएमएस को समय पर प्रेषित करने, तिथि भोजन के नियमित आयोजन, 60 प्रतिशत से कम उपस्थिति वाले विद्यालयों की स्थिति, प्रयास कार्यक्रम के तहत अनुपस्थित बच्चों की सूची संधारण एवं उपलब्ध कराने, प्रोजेक्ट रेल की रिपोर्ट अपलोड करने, एफएलएन एवं ज्ञानसेतु कार्यक्रम, यू-डायस प्लस में ड्रॉपबॉक्स विद्यार्थियों की समीक्षा, कक्षा 1 से 12 तक के विद्यार्थियों के बैंक खातों की उपलब्धता, आधार सीडिंग एवं अद्यतन, एनीमिया मुक्त भारत कार्यक्रम, आईएफए टैबलेट वितरण, ईको क्लब गठन एवं “एक पेड़ मां के नाम 3.0” अभियान के तहत अधिकाधिक पौधारोपण, एसएमसी पुनर्गठन तथा अन्य विभागीय कार्यक्रमों की विस्तार से समीक्षा की गई।
इसके अतिरिक्त ई-कल्याण पोर्टल पर वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए छात्र-छात्राओं की प्रविष्टि, साइकिल वितरण योजना की प्रगति, उपयोगिता प्रमाण-पत्र तथा सभी विद्यार्थियों के आधार अद्यतन कार्य की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने सभी विद्यालयों को निर्धारित समयसीमा के भीतर लंबित कार्यों को पूरा करने का निर्देश दिया।
बैठक में शिक्षक विद्या सागर ने दिव्यांग बच्चों के विशेष नामांकन अभियान के बारे में बताया कि यह अभियान 15 जुलाई से 22 जुलाई तक विद्यालय स्तर पर किया जाना है। उन्होंने तिथिवार विद्यालय स्तर पर किए जाने वाले कार्यक्रम की जानकारी दी। रिसोर्स शिक्षक शशि शेखर ने प्रधानाध्यापकों से अपील किया अपने-अपने विद्यालय पोषक क्षेत्र में सर्वेक्षण कर दिव्यांग एवं विशेष आवश्यकता वाले सभी बच्चों की पहचान करें तथा उनका शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि दिनांक 15 जुलाई से 22 जुलाई तक दिव्यांग बच्चों के विशेष नामांकन अभियान के कार्यक्रम को लागू करने की अपील की।
बैठक में जवाहर नवोदय विद्यालय, जामताड़ा के शिक्षक मोहम्मद मुस्तकीम ने भी सहभागिता की। उन्होंने उपस्थित प्रधानाध्यापकों को संबोधित करते हुए कहा कि कक्षा 5 में अध्यनरत छात्र-छात्राओं का जवाहर नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा 2027 हेतु ऑनलाइन पंजीकरण कराया जाए। उन्होंने प्रत्येक विद्यालय से अधिक से अधिक विद्यार्थियों का आवेदन सुनिश्चित करने तथा समय सीमा के भीतर पंजीकरण कार्य पूरा करने का आग्रह किया, ताकि ग्रामीण क्षेत्र के प्रतिभावान विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण आवासीय शिक्षा का लाभ मिल सके।
बैठक में शिक्षक अमर नाथ दास, राजन आसरे, रामाशीष लाल, अनिमेष मंडल, शिक्षिका बाबोनी बास्की, सहायक अध्यापक सुबोध चंद्र मोदी, प्रभु मंडल, सीआरपी राजेश गुप्ता, मक़सूद अंसारी, विनय कुमार एवं ललन कुमार सहित प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाध्यापक एवं शिक्षक उपस्थित थे। वहीं बैठक के सफल संचालन बीआरपी सरफराज, गोवर्धन कुमार, लेखापाल नोनी गोपाल मंडल, कंप्यूटर ऑपरेटर पवन कुमार तथा निधि कुमारी का योगदान रहा।


