गोड्डा
मानव तस्करी केपीड़ितों को न्याय पाने का अधिकार : डालसा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष प्रधान जिला जज रमेश कुमार एवं सचिव दीपक कुमार के निर्देश पर महागामा प्रखंड के घाट गम्हरिया पंचायत भवन में जनसंपर्क एवं जागरुकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान डालसा की ओर से गठित टीम ने ग्रामीणों को कानून का पाठ पढ़ाया। मौके पर लीगल एड डिफेंस काउंसिल की डिप्टी चीफ रीतेश कुमार सिंह ने ग्रामीणों को नालसा की योजना मानव तस्करी व वाणिज्यिक यौन शोषण के पीड़ितों को कानूनी सहायता, सुरक्षा व पुनर्वास स्कीम पर प्रकाश डाला। कहा कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य मानव तस्करी और वाणिज्यिक यौन शोषण के पीड़ितों को कानूनी सहायता, सुरक्षा और पुनर्वास प्रदान करना है। इसके तहत मानव तस्करी के शिकार लोगों को सुरक्षित निकालना और उन्हें सुरक्षा प्रदान करना, पीड़ितों को अदालती कार्यवाही, एफआईआर दर्ज कराने, और मुआवजा दिलाने के लिए मुफ्त कानूनी वकील उपलब्ध कराना, पुनर्वास और सामाजिक एकीकरण कर पीड़ितों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना, उन्हें आश्रय परामर्श और कौशल विकास प्रदान करना, तस्करी के प्रति संवेदनशील क्षेत्रों में लोगों और कानून प्रवर्तन एजेंसियों (जैसे पुलिस) को जागरूक करना शामिल है।पीड़ितों को पुलिस स्टेशन, अदालत और सुधार गृहों में मुफ्त कानूनी सहायता दी जाती है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पुलिस, गैर-सरकारी संगठनों और सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर काम करती है। पीड़ित की पहचान और नाम को पूरी तरह से गुप्त रखा जाता है। मौके पर अधिकार मित्र जयक़ृष्ण यादव, स्टेनशिला हेम्ब्रम, वीरेन्द्र हांसदा आदि उपस्थित थे।



