बारात के दौरान तेज रफ्तार कार ने दूल्हे की बग्गी और ई-रिक्शा को मारी टक्कर
CCTV में कैद हुई घटना...

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो
हापुड ( यूपी ) – उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के बाबूगढ़ छावनी क्षेत्र में बारात चढ़त के दौरान बड़ा हादसा होते-होते टल गया। एक तेज रफ्तार अनियंत्रित औरा कार ने सड़क किनारे खड़ी दूल्हे की बग्गी और जनरेटर से जुड़े ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
पुलिस के अनुसार रफीक नगर निवासी मोनू उर्फ राहुल अपने ई-रिक्शा से जनरेटर लेकर बाबूगढ़ छावनी स्थित एक शादी समारोह में पहुंचा था। जनरेटर ई-रिक्शा से बंधा हुआ था। इसी दौरान एक कार ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी, जिससे ई-रिक्शा क्षतिग्रस्त हो गया और चालक मोनू उर्फ राहुल को चोटें आईं हैं । घटना के समय बारात की तैयारियां चल रही थीं। राहत की बात यह रही कि दूल्हा और बारात में शामिल अन्य लोग सुरक्षित रहे, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
बाबूगढ़ थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि , मामले में शिकायत के आधार पर अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। कार चालक ने अनियंत्रित कार से टक्कर मार दी थी । घटना की सीसीटीवी फुटेज ले ली गई है । कार चालक नोएडा निवासी है । जिसके विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही की जा रही है ।



