गोरखपुर

जिला अस्पताल से पुलिस को चकमा देकर बाल अपचारी फरार

मेडिकल कराने लाया गया किशोर धक्का देकर भागा।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

गोरखपुर। जिला अस्पताल से बुधवार सुबह एक बाल अपचारी पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया, जिससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। किशोर को मेडिकल परीक्षण के लिए लाया गया था, जहां उसने पुलिसकर्मियों को धक्का देकर मौके से भागने में सफलता हासिल कर ली।
जानकारी के अनुसार राजघाट थाना क्षेत्र का रहने वाला किशोर करीब 15 दिन पहले चोरी के आरोप में पकड़ा गया था और न्यायालय के आदेश पर उसे बाल सुधार गृह भेजा गया था। बुधवार सुबह रूटीन चेकअप के लिए पुलिस उसे जिला अस्पताल लेकर आई थी। इसी दौरान मौका पाकर उसने पुलिसकर्मियों को धक्का दिया और फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने तत्काल संज्ञान लिया और उसकी तलाश के लिए चार टीमें गठित कर दी गईं। आसपास के क्षेत्रों में सघन चेकिंग की जा रही है, वहीं अस्पताल परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
पुलिस टीम किशोर के परिजनों से भी संपर्क कर रही है, ताकि उसके संभावित ठिकानों का पता लगाया जा सके। अधिकारियों का कहना है कि फरार किशोर को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।
प्रथम दृष्टया इस मामले में पुलिसकर्मियों की लापरवाही सामने आई है, जिसके चलते उसकी सुरक्षा में तैनात चार पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। साथ ही पूरे प्रकरण की जांच भी शुरू कर दी गई है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button