बरेली
एसआरएमएस रिद्धिमा में कवि सम्मेलन ‘साहित्य सरिता’ का आयोजन
देशहित में दान कर दीं खून, चर्बी, हड्डियां...

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। एसआरएमएस रिद्धिमा में गुरुवार शाम कवि सम्मेलन ‘साहित्य सरिता’ का आयोजन हुआ। इसमें अभिषेक अनंत, आकांक्षा गुप्ता, पीके दीवाना, विकास आर्य, हिमांशु श्रोतिया और उमेश त्रिगुणायत ने काव्य पाठ से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया।
कवयित्री आकांक्षा गुप्ता ने वाणी वंदना से कार्यक्रम शुरू किया। उन्होंने सनातन धर्म की विशेषता बताते हुए कविता सुनाई। गीतकार विकास आर्य ‘स्वप्न’ने मजदूर की पीड़ा पर रचना सुनाकर श्रोताओं को झकझोरा।
हास्य-व्यंग्य कवि पीके ‘दीवाना’ ने पति-पत्नी पर चुटकुले सुनाकर खूब हंसाया। अभिषेक अनंत ने प्रेम पर और हिमांशु श्रोतिया ‘निष्पक्ष’ ने देश की वर्तमान स्थिति पर रचनाएं प्रस्तुत कर तालियां बटोरीं।
उमेश त्रिगुणायत ‘अद्भुत’ ने ‘देशहित में दान कर दीं खून, चर्बी, हड्डियां…’ सुनाकर देशभक्ति का माहौल बनाया। उन्होंने मंच का संचालन भी किया।
कार्यक्रम में डॉ. प्रभाकर गुप्ता, डॉ. अनुज गुप्ता, डॉ. शैलेश सक्सेना व साहित्य सरिता के समन्वयक अश्वनी कुमार चौहान उपस्थित रहे।




