सिंगरौली की खनिज अधिकारी आकांक्षा पटेल उप संचालक पद पर पदोन्नत

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। मध्यप्रदेश शासन के खनिज साधन विभाग ने सिंगरौली में पदस्थ खनिज अधिकारी आकांक्षा पटेल को उप संचालक (खनिज प्रशासन) के पद पर पदोन्नत किया है। मंत्रालय, वल्लभ भवन, भोपाल से जारी आदेश के अनुसार, आकांक्षा पटेल सहित प्रदेश के कुल 10 खनिज अधिकारियों को वेतनमान 67,300–2,06,900 (मैट्रिक्स लेवल-13) में यह उच्च पदभार सौंपा गया है। यह पदोन्नति मध्यप्रदेश लोक सेवा (पदोन्नति) नियम, 2025 के तहत की गई है।
सिंगरौली में अपने कार्यकाल के दौरान आकांक्षा पटेल ने अवैध उत्खनन और खनिज के अवैध परिवहन के खिलाफ कई सख्त कार्रवाइयां कीं, जिसकी विभागीय स्तर पर भी सराहना हुई थी। उनकी इस पदोन्नति पर विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों और शुभचिंतकों ने खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी है। नई जिम्मेदारी के बाद उनसे खनिज प्रशासन में और अधिक पारदर्शिता व प्रभावी कार्यशैली की उम्मीद जताई जा रही है।



