सिंगरौली

NEET-UG 2026 में सिंगरौली के पुष्पेंद्र ने रचा सफलता का इतिहास

पहली ही कोशिश में पाए 546 अंक

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

सिंगरौली। देवसर विकासखंड के ग्राम बड़ोखर के होनहार छात्र पुष्पेंद्र कुमार शाह (अमन) ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित NEET-UG 2026 परीक्षा में पहली ही कोशिश में शानदार सफलता हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। उन्होंने 720 में से 546 अंक प्राप्त कर मेडिकल शिक्षा की दिशा में मजबूत कदम बढ़ाया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, गांव और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
पुष्पेंद्र, शिव चरण शाह और मीना शाह के पुत्र हैं तथा ग्राम बड़ोखर, पोस्ट डगा, बरगवां के निवासी हैं। साधारण पारिवारिक पृष्ठभूमि से आने वाले पुष्पेंद्र ने कड़ी मेहनत, अनुशासित दिनचर्या और आत्मविश्वास के दम पर यह सफलता अर्जित की है। ग्रामीण परिवेश से निकलकर राष्ट्रीय स्तर की कठिन परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करना अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक माना जा रहा है।
अपनी सफलता पर पुष्पेंद्र ने इसका श्रेय माता-पिता के सहयोग, गुरुजनों के मार्गदर्शन और नियमित अध्ययन को दिया। उन्होंने कहा कि लक्ष्य के प्रति समर्पण और निरंतर प्रयास से हर कठिन परीक्षा को पार किया जा सकता है।
जैसे ही परिणाम घोषित हुआ, परिजनों, शिक्षकों, मित्रों और क्षेत्रवासियों ने पुष्पेंद्र को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सभी ने विश्वास व्यक्त किया कि वे एक सफल चिकित्सक बनकर समाज की सेवा करेंगे। पुष्पेंद्र की यह उपलब्धि सिंगरौली जिले के युवाओं के लिए प्रेरणा का नया उदाहरण बन गई है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button