बिहारराजनीतिराष्ट्रीय

स्कूल में पढ़ाई चल रही थी, तभी रिसने लगी गैस… 

बेहोश हुए बच्चे, मच गया हड़कंप

मुजफ्फरपुर। मुजफ्फरपुर के मुसहरी थाना क्षेत्र स्थित रोहुआ हाई स्कूल के पास जेसीबी से खुदाई के दौरान गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से तेज गैस रिसाव शुरू हो गया। धमाके जैसी आवाज सुनते ही स्कूल में अफरातफरी मच गई।
मुजफ्फरपुर जिले के मुसहरी थाना क्षेत्र में शुक्रवार को बड़ा हादसा होते-होते टल गया। मुजफ्फरपुर-मुसहरी मुख्य सड़क पर रोहुआ हाई स्कूल के पास जेसीबी से खुदाई के दौरान गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे तेज गैस रिसाव शुरू हो गया। रिसाव के साथ धमाके जैसी आवाज सुनाई दी, जिससे स्कूल परिसर में अफरातफरी मच गई। उस समय स्कूल में कक्षाएं चल रही थीं और करीब 150 से अधिक छात्र-छात्राएं मौजूद थे। घटना के बाद शिक्षक तुरंत बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालने में जुट गए।
गैस रिसाव से कई बच्चे हुए बेहोश
गैस रिसाव के कारण आसपास का इलाका धुएं और गैस की चपेट में आ गया। इसकी वजह से कई बच्चों की तबीयत बिगड़ गई और कुछ बच्चे बेहोश हो गए। सभी बच्चों को आनन-फानन में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, मुसहरी ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद पांच बच्चियों को बेहतर इलाज के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसकेएमसीएच) रेफर किया गया। फिलहाल सभी बच्चों का इलाज जारी है।
शिक्षकों ने समय रहते बच्चों को सुरक्षित निकाला
रोहुआ उच्च विद्यालय के शिक्षक अमरजीत कुमार ने बताया कि कक्षाएं चल रही थीं, तभी अचानक तेज धमाके जैसी आवाज आई और गैस का धुआं फैलने लगा। इससे स्कूल में मौजूद सभी लोग घबरा गए। इसके बाद शिक्षकों ने बिना समय गंवाए सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। घटना के बाद जिला शिक्षा अधिकारी के निर्देश पर स्कूल में छुट्टी कर दी गई और शिक्षकों को भी सुरक्षित घर भेज दिया गया। स्कूल के पास छोटे बच्चों का एक और विद्यालय भी संचालित होता है, जिसे भी एहतियात के तौर पर खाली करा दिया गया।
स्थानीय लोगों ने बताया डरावना मंजर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धमाके जैसी तेज आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। बच्चों को घबराया हुआ देखकर स्थानीय लोगों ने भी उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने और अस्पताल पहुंचाने में मदद की। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, फायर ब्रिगेड और गैस आपूर्ति कंपनी के अधिकारी मौके पर पहुंचे। गैस कंपनी के अधिकारी आदित्य भट्टाचार्य ने बताया कि तकनीकी टीम ने तुरंत गैस की सप्लाई बंद कर दी है। शुरूआती जांच में सामने आया है कि बुडको द्वारा जेसीबी से की जा रही खुदाई के दौरान पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से गैस रिसाव हुआ। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और सुरक्षा के सभी जरूरी कदम उठाए गए हैं।
प्रशासन ने शुरू की जांच
जिला प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि घटना के कारणों की विस्तृत पड़ताल की जाएगी और यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इलाके में स्थिति सामान्य है और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी गई है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button