झारखंड में SIR प्रक्रिया को लेकर कांग्रेस की पहल, हेल्प डेस्क के माध्यम से मतदाताओं की हो रही सहायता
Congress takes initiative regarding the SIR process in Jharkhand; voters are being assisted through a help desk.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। झारखंड में चल रही स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) प्रक्रिया के तहत पात्र मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसे लेकर कांग्रेस के वरीय पदाधिकारी शाहीन परवेज एवं असद हुसैन लगातार सक्रिय हैं। उनके नेतृत्व में हेल्प डेस्क के माध्यम से आम नागरिकों को SIR प्रक्रिया से संबंधित प्रपत्र भरने, आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी देने तथा आवेदन जमा कराने में सहयोग किया जा रहा है। हेल्प डेस्क पर कार्यकर्ता मतदाताओं को गणना प्रपत्र (Enumeration Form) भरने की प्रक्रिया समझाने के साथ- साथ आवश्यक औपचारिकताओं की जानकारी भी दे रहे हैं, ताकि कोई भी पात्र मतदाता जानकारी के अभाव में इस प्रक्रिया से वंचित न रह जाए। स्थानीय नागरिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे जनहित में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम बताया। इस बीच झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने सोशल मीडिया के माध्यम से मतदाताओं से अपील की है कि वे 19 जुलाई तक अपना गणना प्रपत्र (Enumeration Form) संबंधित बीएलओ (BLO) को जमा कर दें, ताकि प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन का कार्य निर्धारित समय पर पूरा किया जा सके। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने यह भी जानकारी दी कि शहरी क्षेत्रों में मतदाताओं की सुविधा के लिए 18 एवं 20 जुलाई को संबंधित मतदान केंद्रों पर बीएलओ उपस्थित रहेंगे। जिन मतदाताओं ने अब तक अपना गणना प्रपत्र प्राप्त या जमा नहीं किया है, वे निर्धारित तिथियों पर मतदान केंद्र पहुंचकर आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। निर्वाचन विभाग ने सभी पात्र मतदाताओं से समय-सीमा के भीतर प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है, ताकि मतदाता सूची के पुनरीक्षण का कार्य सुचारु एवं समयबद्ध तरीके से सम्पन्न हो सके।



