बागपत
बिहारीपुर के लाल डीजीपी अनुराग धनकड़ को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई
एडीजी भानु भास्कर के नेतृत्व में हुआ अंतिम संस्कार, एसपी सूरज कुमार राय भी रहे मौजूद

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बड़ौत/बागपत : बागपत जनपद के बिहारीपुर गांव के मूल निवासी एवं वर्तमान में त्रिपुरा के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अनुराग धनकड़ का अंतिम संस्कार बड़ौत के बावली रोड स्थित श्मशान घाट पर पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया गया। अंतिम संस्कार की प्रक्रिया मेरठ जोन के एडीजी भानु भास्कर के नेतृत्व में संपन्न हुई।
अनुराग धनकड़ का परिवार वर्तमान में बड़ौत में निवास करता है। उनके पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी तथा क्षेत्र के लोग पहुंचे। पुलिस की टुकड़ी ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर उन्हें अंतिम सलामी दी।
इस अवसर पर बागपत के पुलिस अधीक्षक (एसपी) सूरज कुमार राय भी मौजूद रहे। उन्होंने दिवंगत डीजीपी अनुराग धनकड़ को श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। इसके अलावा पुलिस विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारियों ने भी उन्हें नम आंखों से अंतिम विदाई दी।
अनुराग धनकड़ अपने अनुशासित, ईमानदार और कर्तव्यनिष्ठ व्यक्तित्व के लिए जाने जाते थे। उन्होंने पुलिस सेवा के दौरान अनेक महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं और अंत समय तक त्रिपुरा के डीजीपी के पद पर कार्यरत रहे।
उनके निधन से पुलिस विभाग के साथ-साथ बागपत जनपद ने भी अपना एक गौरवशाली सपूत खो दिया है। अंतिम संस्कार के दौरान परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था और उपस्थित लोगों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।

