बरेली

नवाबगंज कांवड़ विलेज में सांसद-विधायक ने किया कांवड़ यात्रियों का स्वागत 

भोजन कराया, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली। तहसील नवाबगंज स्थित कांवड़ विलेज में  सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार और विधायक डॉ. एमपी आर्य की मौजूदगी में कांवड़ यात्रियों के स्वागत-सत्कार का भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने कांवड़ यात्रियों का पुष्प एवं माल्यार्पण कर स्वागत किया और उनका कुशलक्षेम जाना। यात्रियों के लिए कांवड़ विलेज में भोजन की व्यवस्था की गई, जिसमें उन्हें सम्मानपूर्वक भोजन कराया गया। यात्रियों के मनोरंजन और आध्यात्मिक माहौल के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार ने कहा कि जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन कांवड़ यात्रा को सफल, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। कांवड़ विलेज में यात्रियों की सुविधा के लिए सुरक्षा, खानपान, विश्राम सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। विधायक डॉ. एमपी आर्य ने कहा कि शासन और प्रशासन कांवड़ यात्रा को सफल और सुरक्षित बनाने के लिए पूरी तत्परता से काम कर रहा है। विभिन्न स्थानों पर की गई व्यवस्थाओं का सकारात्मक असर दिख रहा है और यात्रा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो रही है। प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। सांसद और विधायक ने कांवड़ विलेज की व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर अधिकारियों को निर्देश दिए कि पेयजल, भोजन, स्वच्छता, विश्राम, चिकित्सा और सुरक्षा की व्यवस्थाएं लगातार सुचारू रखी जाएं। यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। कांवड़ यात्रियों ने कांवड़ विलेज की व्यवस्थाओं और स्वागत के लिए जिला प्रशासन का आभार जताया।
इस अवसर पर एडीएम प्रशासन पूर्णिमा सिंह, एडीएम नगर अविनाश त्रिपाठी, एसपी उत्तरी मुकेश चंद्र मिश्रा, एसडीएम नवाबगंज सचिन यादव, एसडीएम पूनम भास्कर, सीओ निलेश मिश्रा सहित अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button