बरेली
खाद्य एवं रसद विभाग पर फिर लगे भ्रष्टाचार के आरोप
व्यापारियों ने सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा ज्ञापन

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। उत्तर प्रदेश व्यापारी सुरक्षा फोरम के प्रतिनिधिमंडल ने खाद्य एवं रसद विभाग में भ्रष्टाचार और अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए सिटी मजिस्ट्रेट को छह सूत्रीय ज्ञापन सौंपा।
व्यापारियों ने कहा कि विभाग के कार्यालयों में प्राइवेट लोगों को लगाया गया है जो अवैध वसूली कर रहे हैं। सरकारी गोदामों से गेहूं समेत खाद्य सामग्री राशन दुकानों तक पहुंचाने की जिम्मेदारी ट्रांसपोर्टरों की है, लेकिन कई बार ट्रक एक स्थान पर खड़ा कर कोटेदारों को वहीं से उठाने के लिए मजबूर किया जाता है। नई राशन दुकानों के आवंटन को सार्वजनिक नहीं किया जाता और चहेतों को लाभ पहुंचाया जाता है।
महानगर अध्यक्ष रामकृष्ण शुक्ला ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है, लेकिन विभाग में स्थिति खराब है। समाधान न होने पर मुख्यमंत्री से शिकायत की जाएगी। महामंत्री दीपक द्विवेदी और कोषाध्यक्ष सरदार प्रभजीत सिंह ने चीनी की कालाबाजारी पर कार्रवाई की मांग की।



