गाजियाबाद

 लोनी में रक्षा बंधन की धुम,भाई की कलाई पर सजी

 राखियां; सड़कों पर घंटों जाम से जूझे वाहन चालक

बहनों ने भाई की लंबी उम्र की कामना कर बांधा रक्षा सूत्र, भाइयों ने उपहार देकर निभाया स्नेह का वादा  राखी और मिठाई की दुकानों पर उमड़ी भीड़
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद :  भाई-बहन के पवित्र प्रेम, विश्वास और अटूट रिश्ते का प्रतीक रक्षाबंधन पर्व शुक्रवार को लोनी क्षेत्र में हर्षोल्लास और उमंग के साथ मनाया गया। सुबह से ही घर-घर में रक्षाबंधन की तैयारियां शुरू हो गई थीं। बहनों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भाइयों के माथे पर तिलक लगाया, आरती उतारी और उनकी कलाई पर प्रेम एवं रक्षा के प्रतीक राखी का पवित्र धागा बांधकर दीर्घायु एवं सुख-समृद्धि की मंगलकामना की। वहीं भाइयों ने भी बहनों को उपहार, नकदी और मिठाई भेंट कर उनके प्रति अपने स्नेह का इजहार किया।
रक्षाबंधन को लेकर बच्चों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। छोटी बहनें अपने भाइयों के लिए मनपसंद राखी खरीदने को लेकर उत्साहित नजर आईं, वहीं भाई भी बहनों की पसंद का उपहार दिलाने के लिए अभिभावकों से जिद करते दिखाई दिए। कई घरों में राखी बांधने के दौरान भाई-बहनों के बीच रूठने-मनाने और हंसी-मजाक के दृश्य भी देखने को मिले।
बहनों को राखी बांधने के लिए करना पड़ा जाम का सामना
रक्षाबंधन पर्व पर शादीशुदा बहनों के अपने मायके पहुंचने का सिलसिला सुबह से ही शुरू हो गया था। बहनें भाई की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधने के लिए विभिन्न साधनों से अपने मायके पहुंचीं, लेकिन त्योहार के चलते सड़कों पर वाहनों का दबाव बढ़ने से उन्हें जगह-जगह यातायात जाम का सामना करना पड़ा।
लोनी के प्रमुख बाजारों, चौराहों और संपर्क मार्गों पर दिनभर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। ऑटो, ई-रिक्शा, दोपहिया और चार पहिया वाहनों की संख्या बढ़ने से कई स्थानों पर यातायात की रफ्तार बेहद धीमी रही। जाम में फंसे वाहन चालक घंटों परेशान होते नजर आए। राखी बांधने के लिए भाइयों के घर जाने वाली बहनों को भी जाम के कारण निर्धारित समय से अधिक सफर करना पड़ा। देर शाम तक सड़कों पर वाहनों की भीड़ बनी रही।
राखी और मिठाई की दुकानों पर उमड़ी भीड़
रक्षाबंधन पर्व को लेकर बाजारों में भी अलग ही रौनक देखने को मिली। राखी की दुकानों पर सुबह से ही महिलाओं और बच्चों की भीड़ लगी रही। बाजारों में रंग-बिरंगी, आकर्षक और विभिन्न डिजाइनों वाली राखियां ग्राहकों के आकर्षण का केंद्र बनी रहीं। बहनें अपने भाइयों की पसंद के अनुसार राखी चुनती नजर आईं और कई जगह राखी खरीदने को लेकर एक-दूसरे से राय-मशविरा करती दिखीं।
मिठाई की दुकानों पर भी ग्राहकों की भारी भीड़ रही। दुकानदारों ने रक्षाबंधन के लिए विभिन्न प्रकार की मिठाइयां विशेष रूप से तैयार कर आकर्षक ढंग से सजाईं। मिठाई खरीदने के लिए लोगों को अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा। कई दुकानों के बाहर तक ग्राहकों की कतारें दिखाई दीं।
रक्षाबंधन पर्व ने एक बार फिर भाई-बहन के रिश्ते में छिपे प्रेम, विश्वास और जिम्मेदारी की भावना को जीवंत कर दिया। जहां बहनों ने राखी के रूप में भाई की सलामती और रक्षा की कामना की, वहीं भाइयों ने भी बहनों की हर परिस्थिति में साथ खड़े रहने का संकल्प दोहराया। त्योहार की इस आत्मीयता के बीच बाजारों की चहल-पहल और सड़कों पर जाम ने दिनभर लोगों की परेशानी जरूर बढ़ाए रखी।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button