बाइक सवार युवक ने दवा व्यापारी को जान से मारने की धमकी दी
घटना की सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया में वायरल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
हापुड़ (यूपी) – हापुड के दवा व्यापारी ने लगाए गंभीर आरोप । पॉश एरिया रेलवे रोड पर बाइक सवार युवक द्वारा दवा व्यापारी को जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगा है । हालांकि यह धमकी देने की घटना फल विक्रेता की दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है । दवा व्यापारी राजन चुग ने थाने में तहरीर दी है ।
जानकारी के अनुसार , हापुड़ के पॉश इलाके रेलवे रोड पर कल देर शाम एक चौंकाने वाली घटना हुई। हापुड़ नगर कोतवाली थाना क्षेत्र के रेलवे रोड पर बाइक सवार एक युवक द्वारा दवा व्यापारी राजन चुग को जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगा है । पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
दवा व्यापारी राजन चुग ने बताया कि वे अपने बेटे के साथ स्कूटी पर बैठे थे और पत्नी फल विक्रेता की दुकान से फल खरीद रही थीं । तभी बाइक पर सवार युवक अचानक वहां पहुंचा और उन्हें जान से मारने की धमकी देने लगा । युवक की भाषा बहुत आपत्तिजनक और धमकी भरी थी । घटना को गोल्डी फ्रूट्स की दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरों ने स्पष्ट रूप से रिकॉर्ड कर लिया है । राजन चुग ने हापुड नगर कोतवाली थाने में तहरीर दी है। रेलवे रोड हापुड़ का व्यस्त और प्रतिष्ठित इलाका माना जाता है। ऐसे इलाके में दवा व्यापारी को खुलेआम धमकी की घटना से स्थानीय लोगों में आक्रोश है।
हापुड़ नगर कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर मनीष चौहान ने बताया कि , पुलिस को शिकायत प्राप्त हुई है और सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू कर दी गई है । फुटेज के आधार पर आरोपी युवक की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। जल्द मामले का खुलासा कर कार्यवाही की जाएगी ।



