बालाघाट

बालाघाट में बच्चों की मौत पर गरमाई सियासत

IMA ने किया डॉक्टरों का बचाव, स्वास्थ्य विभाग को ठहराया जिम्मेदार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो ​
बालाघाट(म0प्र0) : ​जिले के आदिवासी क्षेत्रों में बच्चों की संदिग्ध मौतों का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आदिवासी संगठनों ने कल बालाघाट बंद का आह्वान किया है, जिसे इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) का भी समर्थन मिल गया है। दूसरी ओर, बच्चों की मौत के बाद डॉक्टरों पर उठ रहे सवालों के बीच IMA ने खुलकर डॉक्टरों का बचाव किया है और सीधे तौर पर प्रशासन तथा स्वास्थ्य विभाग को इसकी जिम्मेदारी सौंपी है।
​आईएमए ने जताई गहरी संवेदना IMA प्रदेश अध्यक्ष डॉ. बी.एम. शरणागत ने एक बयान जारी कर मृतक बच्चों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि बच्चों की इतनी बड़ी संख्या में मौत बेहद दुखद है, लेकिन इसके लिए मैदानी स्तर पर काम करने वाले डॉक्टरों को दोषी ठहराना पूरी तरह गलत और अन्यायोचित है।
‘प्रशासन के आदेश पर काम करता है स्वास्थ्य अमला’
डॉ. शरणागत ने प्रशासन को आड़े हाथों लेते हुए स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य विभाग का पूरा अमला और डॉक्टर प्रशासनिक निर्देशों के अधीन होकर ही कार्य करते हैं। उन्होंने मीडिया पर निशाना साधते हुए कहा कि इस संवेदनशील मामले में डॉक्टरों को अनावश्यक रूप से दोषी करार देने का प्रयास किया जा रहा है, जबकि जमीनी हकीकत यह है कि अस्पताल और स्वास्थ्य केंद्रों पर होने वाली हर कार्रवाई प्रशासनिक ऑर्डर के तहत संचालित होती है।
​ सीएमएचओ की जवाबदारी को लेकर सुलग रहा है आक्रोश 
हालांकि, जब IMA पदाधिकारियों से उन विशिष्ट डॉक्टरों के नाम पूछे गए जिन पर मीडिया सवाल खड़े कर रहा है, तो वे नाम स्पष्ट नहीं कर सके। स्थानीय स्तर पर विवाद का केंद्र बिंदु मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. परेश उपलप की कार्यप्रणाली बनी हुई है। मीडिया और आदिवासी संगठन लगातार सीएमएचओ पर प्रशासनिक लापरवाही का आरोप लगाते हुए उनकी जवाबदेही तय करने और तत्काल कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। इसी मांग और आक्रोश को लेकर आदिवासी संगठनों ने कल बालाघाट बंद का ऐलान किया है, जिससे प्रशासनिक हलकों में भी हड़कंप मच गया है।
        IMA की पत्रकार वार्ता के पश्चात स्वास्थ्य विभाग ने आनन-फानन मे पदेन सीएमएचओ डॉ परेश उपलप को पद से हटा कर डिंडोरी मे पदस्त डॉ मनोज पांडे को जिले की कमान सौपी हैँ l
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button