जामताड़ा
कर्माटांड़ में धूमधाम से मनाया गया श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
जामताड़ा : कर्माटांड़ क्षेत्र में श्री कृष्ण जन्मोत्सव का पर्व पूरी श्रद्धा, उल्लास और धार्मिक के साथ मनाया गया। इस अवसर पर स्थानीय मंदिरों और बाजारों में विशेष सजावट की गई थी, जिससे पूरा इलाका कृष्णमय नजर आया।
मुख्य रूप से ठाकुरबाड़ी, मेन बाजार स्थित शिव मंदिर, और रेलवे दुर्गा मंदिर समेत कई अन्य प्रमुख स्थानों पर जन्माष्टमी का पर्व बेहद धूमधाम से आयोजित किया गया। इन सभी मंदिरों को आकर्षक ढंग से फूल-मालाओं और रंग-बिरंगी विद्युत लाइटों से सजाया गया था। सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था, जो देर रात तक जारी रहा।
मध्यरात्रि को जैसे ही भगवान श्री कृष्ण के जन्मोत्सव का समय हुआ, पूरा माहौल “हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की” के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने पारंपरिक विधि-विधान के साथ भगवान श्री कृष्ण की पूजा-अर्चना की और उनका जन्मोत्सव मनाया। इस दौरान मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिली। कई जगहों पर भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं, युवाओं और बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पूजा के पश्चात उपस्थित श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद और पंजीरी का वितरण किया गया। इस पावन पर्व पर सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय समितियों और पुलिस प्रशासन द्वारा भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे, जिससे सभी जगह शांतिपूर्ण और हर्षोल्लास के साथ उत्सव संपन्न हुआ।



