रामलीला से पहले ‘रामायण’ फिल्म को लेकर विवाद तेज
लव-कुश रामलीला कमेटी ने स्वरा भास्कर पर साधा निशाना

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
नई दिल्ली : लव-कुश रामलीला कमेटी ने कांस्टीट्यूशन क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता में आगामी रामलीला की तैयारियों और कलाकारों की घोषणा की। कमेटी अध्यक्ष अर्जुन कुमार ने अभिनेत्री स्वरा भास्कर के बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सनातन संस्कृति को समझने के लिए पहले रामायण और रामलीला को जानना चाहिए।
उन्होंने कहा कि रामलीला महासंघ रणबीर कपूर अभिनीत फिल्म ‘रामायण’ के विरोध के अपने निर्णय पर कायम है। कमेटी ने फिल्म की रिलीज से पहले रामलीला आयोजकों के लिए विशेष स्क्रीनिंग की मांग की है। अर्जुन कुमार ने कहा कि रामायण की कथा में किसी भी प्रकार की तोड़-मरोड़ होने पर फिल्म का विरोध किया जाएगा।
प्रेस वार्ता में इस वर्ष रामलीला में रावण की भूमिका अभिनेता राजप्रेमी, नारद मुनि की भूमिका वरिष्ठ अभिनेता पेंटल (कंवरजीत सिंह) और केवट की भूमिका अभिनेता-गायक शंकर साहनी निभाएंगे।
कमेटी के अनुसार इस बार 140 फुट लंबे, 60 फुट चौड़े और 45 फुट ऊंचे चार मंजिला मंच पर मदुरै के प्रसिद्ध मीनाक्षी मंदिर की तर्ज पर भव्य सेट तैयार किया जा रहा है। मंच पर 3डी मैपिंग, विशाल एलईडी स्क्रीन, मल्टीकलर लाइटिंग और डिजिटल डॉल्बी साउंड के जरिए रामलीला के दृश्यों को भव्य रूप दिया जाएगा। 31 फुट ऊंचे कैलाश पर्वत और जंगल के सेट के साथ नदी और नाव के दृश्यों में विशेष दृश्य प्रभावों का इस्तेमाल किया जाएगा।
कमेटी महासचिव सुभाष गोयल ने बताया कि रामलीला मंचन 11 से 21 अक्टूबर तक होगा, जबकि 20 अक्टूबर को दशहरा और रावण दहन आयोजित किया जाएगा। वहीं, चेयरमैन पवन गुप्ता ने बताया कि 20 सितंबर को भूमि पूजन समारोह आयोजित होगा, जिसमें केंद्रीय मंत्री, सांसद, विधायक और अन्य गणमान्य लोग शामिल होंगे।
कमेटी ने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितंबर को लालकिला मैदान में स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया जाएगा, जिसमें दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण, ट्राइसाइकिल, चश्मे और कानों की मशीन वितरित करने के साथ आंखों की जांच व ऑपरेशन के लिए चयन किया जाएगा।



