स्यानाचट्टी-कुपड़ा मोटर मार्ग पर वैली ब्रिज का पुनर्निर्माण कार्य पूर्ण
सुचारू आवागमन हेतु खोला गया

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
उत्तरकाशी : विधानसभा क्षेत्र यमुनोत्री के अंतर्गत स्यानाचट्टी-कुपड़ा मोटर मार्ग के किलोमीटर 1.00 पर 57 मीटर लंबे वैली ब्रिज का पुनर्निर्माण कार्य पूर्ण हो गया है। लोक निर्माण विभाग बड़कोट द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए ब्रिज का निर्माण कार्य पूर्ण कर ब्रिज को आमजन एवं वाहनों के सुलभ एवं सुरक्षित यातायात संचालन हेतु खोल दिया है।
ब्रिज के सुचारू होने से स्थानीय ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलेगी तथा क्षेत्र की यातायात व्यवस्था सुदृढ़ होगी। इस 57 मीटर लंबे वैली ब्रिज का पुनर्निर्माण कार्य कुल ₹83,54,050.00 की लागत से स्वीकृत हुआ था।
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देशन में विभागीय टीम के प्रयासों से मानसून अवधि में भी तत्परता से कार्य करते हुए 18 सितम्बर 2026 को कार्य पूर्ण कर क्षेत्रवासियों हेतु आवाजाही के लिए खोल दिया गया।
जिला प्रशासन एवं लोक निर्माण विभाग क्षेत्र में सुरक्षित एवं निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। ब्रिज चालू होने से दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी पुनः बहाल हो गई है, जिससे आपातकालीन सेवाओं एवं दैनिक परिवहन को गति मिलेगी l



