बेतुल
बैतूल कोल पेंशनरों ने सौंपा ज्ञापन, पेंशन बढ़ाने की मांग
दिसंबर तक समाधान नहीं हुआ तो जनवरी 2027 में दिल्ली में करेंगे आंदोलन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। कोल माइन्स सेवा निवृत्त कर्मचारी संघ, बैतूल ने सेवानिवृत्त कोयला कर्मचारियों की पेंशन संबंधी समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी के माध्यम से केंद्रीय कोयला मंत्री को ज्ञापन सौंपा। संघ ने मांगें पूरी नहीं होने पर जनवरी 2027 में दिल्ली में धरना-प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है।
संघ के अनुसार, कोल माइन्स पेंशन स्कीम में हर तीन साल में पेंशन पुनरीक्षण का प्रावधान है, लेकिन पिछले 28 वर्षों से पेंशन का पुनरीक्षण नहीं हुआ है। देश के करीब 6.50 लाख सेवानिवृत्त कोयला कर्मचारियों में से लगभग 2.50 लाख कर्मचारियों को हर महीने 1000 रुपए से कम पेंशन मिल रही है।
ज्ञापन में वर्तमान में मूल वेतन के 25 प्रतिशत के बराबर मिल रही पेंशन को बढ़ाकर 50 प्रतिशत करने, पेंशन में महंगाई भत्ता जोड़ने और वर्ष 1998 से 2026 तक के बकाया पेंशन पुनरीक्षण का एरियर्स सहित एकमुश्त भुगतान करने की मांग की गई है। संघ ने दिसंबर 2026 तक मांगों का समाधान करने की मांग की है। समाधान नहीं होने पर ऑल इंडिया कोल पेंशनर्स एसोसिएशन के राष्ट्रीय नेतृत्व के आह्वान पर जनवरी 2027 में दिल्ली में आंदोलन किया जाएगा।
ज्ञापन सौंपने के दौरान संघ अध्यक्ष डी.के. साहू, महामंत्री डी.आर. झरबड़े, उपाध्यक्ष अजय सिंह राजपूत, कार्यवाहक अध्यक्ष मानिकराव कापसे और कोषाध्यक्ष नागोराव वागद्रे मौजूद रहे। इनके साथ शिवदयाल चौकीकर, रामदास पडग्रे, आर.डी. सोनी, कुंदन लाल पवार, किशोरी लाल पवार, गुलाब राव अडलक, मानिक प्रसाद वाइकर, आत्माराम चौकीकर, मधु पवार, कृष्ण उबनारे, विजय के. वर्मा, शिवप्रसाद धारसे, भोजराज पंडाग्रे, मुन्नालाल पवार, रामभरोस पूर्व, बुधराम वायकर, दौलतराम मालवी, शंकर और बसीर खान सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।




