नवरात्र के छठे दिन मां कात्यायनी की पूजा-अर्चना, संकीर्तन में झूमे श्रद्धालु
देवी मंदिरों में विशेष सजावट, रेलपार में माता रानी की झांकियों ने मोहा मन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
शामली। नवरात्र के छठे दिन शुक्रवार को शहर में श्रद्धालुओं ने मां कात्यायनी की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। देवी मंदिरों में विशेष सजावट की गई और भक्तों ने रंग-बिरंगे फूल, मिठाइयां और फल अर्पित किए। देर रात मोहल्ला रेलपार में माता रानी के संकीर्तन का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने भजनों के माध्यम से माता का गुणगान किया।
सब्जी मंडी स्थित अट्ठे वाला देवी मंदिर के पुजारी शिवम शर्मा ने बताया कि मां कात्यायनी को देवी दुर्गा का छठा स्वरूप माना जाता है। उनकी उपासना से भक्तों को मानसिक शक्ति, साहस और आत्मविश्वास प्राप्त होता है। इस अवसर पर विशेष हवन और कीर्तन भी हुआ। मंदिर में पहुंचे श्रद्धालुओं ने मां के जयकारे लगाते हुए पूजा-अर्चना की। मंदिरों में भक्तों की भीड़ रही और महिलाओं ने परिवार की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की।
वहीं, मोहल्ला रेलपार में संजय गोयल उर्फ बोबी के आवास पर माता रानी के संकीर्तन का आयोजन किया गया। माता के भजनों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए। कार्यक्रम में श्रीकृष्ण-राधारानी, शेर पर सवार माता शेरावाली और सुदामा सहित विभिन्न झांकियां प्रस्तुत की गईं।
इस अवसर पर बिना गोयल, रेणु गोयल, मंजू गर्ग, मीनू गोयल, उमा गोयल, रेखा, पिंकी, रितु जैन, सुषमा और गीता सहित अन्य श्रद्धालु मौजूद रहे।