ललितपुर

गोविंदनगर में ठप डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन, 400 मीटर दूर फेंकने जा रहे लोग

संचारी रोग नियंत्रण अभियान पर उठे सवाल

मोहल्लेवासियों ने नपाध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी से की कार्रवाई की मांग
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। नगर पालिका परिषद क्षेत्र के वार्ड नंबर 23 गोविंदनगर में डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन व्यवस्था प्रभावित होने से मोहल्लेवासियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, घरों से कचरा उठाने वाली गाड़ी खराब होने के बाद नियमित कचरा संग्रहण नहीं हो पा रहा है। इसके चलते लोगों को अपने घरों का कचरा करीब 400 मीटर दूर जाकर फेंकना पड़ रहा है। इस स्थिति से जहां लोगों को असुविधा हो रही है, वहीं साफ- सफाई व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। वार्ड नंबर 23 के मोहल्लेवासियों के अनुसार, गोविंदनगर में पहले कचरा संग्रहण के लिए आने वाली गाड़ी खराब हो गई है। इसके बाद दूसरी गाड़ी संचालित हो रही है, लेकिन वह चौकाबाग, शांति नगर सहित अन्य क्षेत्रों में कचरा लेने पहुंचती है। गोविंदनगर में नियमित रूप से गाड़ी नहीं आने के कारण मोहल्लेवासियों को खुद कचरा दूर ले जाकर फेंकना पड़ रहा है। जब इस समस्या को लेकर स्वास्थ्य नायक कुंजबिहारी बाबरा से बात की गई तो उन्होंने कथित तौर पर बताया कि दूसरी गाड़ी को मात्र आठ लीटर डीजल मिलता है, इसलिए गोविंदनगर में गाड़ी नहीं भेजी जा सकती। इस जवाब से मोहल्लेवासियों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि नियमित कचरा संग्रहण की सुविधा उपलब्ध कराना नगर पालिका की जिम्मेदारी है और इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जानी चाहिए। मोहल्ले वालों ने यह भी आरोप लगाया कि समस्या के संबंध में बातचीत के दौरान स्वास्थ्य नायक ने मोहल्लेवासियों से कथित तौर पर दबंगई भरे अंदाज में कहा कि जहां शिकायत करनी है कर लो, उनका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। इस कथित बयान से स्थानीय लोगों में रोष है। हालांकि, इस संबंध में संबंधित कर्मचारी का पक्ष सामने आना बाकी है। एक ओर संचारी रोगों की रोकथाम के लिए साफ-सफाई और स्वच्छता पर जोर दिया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर गोविंदनगर में नियमित कचरा संग्रहण नहीं होने की शिकायत सामने आई है। मोहल्लेवासियों को आशंका है कि यदि कचरा समय पर नहीं उठाया गया तो गंदगी की समस्या बढ़ सकती है। मोहल्लेवासियों ने नगर पालिका अध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी से मामले का संज्ञान लेकर गोविंदनगर में नियमित डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन शुरू कराने, खराब गाड़ी को दुरुस्त कराने अथवा वैकल्पिक वाहन की व्यवस्था करने तथा लगाए गए आरोपों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। अब देखना होगा कि नगर पालिका प्रशासन इस समस्या के समाधान के लिए क्या कदम उठाता है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button