
मातृशक्ति और बच्चों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा, जगह-जगह पुष्पवर्षा कर किया गया स्वागत
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। केशव नगर गनियारी में नौ दुर्गा उत्सव समिति के तत्वावधान में प्रत्येक वर्ष की परंपरा को जारी रखते हुए इस वर्ष भी भव्य चुनरी यात्रा निकाली गई। जय माता दी के जयकारों के साथ शुरू हुई इस यात्रा में मातृशक्ति, माताओं-बहनों और बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। यात्रा के दौरान पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में नजर आया।
विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष डॉ. डीके मिश्रा ने चर्चा के दौरान बताया कि समिति द्वारा प्रत्येक वर्ष चुनरी यात्रा का आयोजन किया जाता है। इस धार्मिक आयोजन में मातृशक्ति और बच्चों की उत्साहपूर्ण भागीदारी रहती है। उन्होंने कहा कि आगे भी इसी तरह चुनरी यात्रा की परंपरा जारी रखी जाएगी।
चुनरी यात्रा काली मंदिर से प्रारंभ होकर न्यायालय के सामने स्थित हनुमान मंदिर रोड, हरिहर फव्वारा होते हुए वापस लौटी। इसके बाद यात्रा तुलसी मार्ग और अंबेडकर चौक से गुजरते हुए गनियारी केशव नगर पहुंची। मार्ग में कई स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। आयोजन में श्रद्धालुओं की सहभागिता और माता रानी के जयकारों से क्षेत्र में धार्मिक उत्साह का वातावरण बना रहा। समिति ने भविष्य में भी इस परंपरा को निरंतर जारी रखने की बात कही।



