सिंगरौली

मायाराम महाविद्यालय का जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता में दबदबा

दो खिलाड़ियों का संभाग स्तर पर चयन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

सिंगरौली : मध्य प्रदेश शासन, उच्च शिक्षा विभाग के दिशा-निर्देशों पर आयोजित जिला स्तरीय पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता में मायाराम महाविद्यालय, मेढ़ौली (मोरवा) की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले भर में अपना परचम लहराया है। महाविद्यालय की पुरुष कबड्डी टीम ने उत्कृष्ट खेल भावना और दमखम का परिचय देते हुए प्रतियोगिता में विजेता का खिताब अपने नाम किया है।
इस प्रतियोगिता में शानदार खेल दिखाने वाले मायाराम महाविद्यालय के दो प्रतिभावान खिलाड़ियों— राजेंद्र कुमार बैस और मुनीश यादव— का चयन आगामी संभाग स्तरीय पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता के लिए हुआ है। यह संभाग स्तरीय प्रतियोगिता रीवा में आयोजित की जाएगी, जहां ये खिलाड़ी सिंगरौली जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। महाविद्यालय के अध्यक्ष एवं संचालक बद्री नारायण बैस ने पूरी कबड्डी टीम और चयनित खिलाड़ियों को इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर बधाई और शुभकामनाएं देते हुए उन्हें सम्मानित किया है।
जिला स्तरीय पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन ‘प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस’ (PMCOE) महाविद्यालय के शारीरिक शिक्षा एवं खेल विभाग द्वारा महाविद्यालय परिसर में किया गया था। इस प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ पीएमसीओई कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आरके झा और कन्या महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. डीके शंभूरत्ना की विशेष उपस्थिति में हुआ। प्रतियोगिता में जिले के सात प्रमुख महाविद्यालयों— मायाराम महाविद्यालय मेढ़ौली, शासकीय महाविद्यालय चितरंगी, बरगवां, रम्पा, बरका, शैल मंगलम महाविद्यालय और आयोजक पीएमसीओई कॉलेज वैढ़न— की टीमों ने हिस्सा लिया और अपने खेल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। खिताबी मुकाबला (फाइनल मैच) मायाराम कॉलेज मेढ़ौली और आयोजक पीएमसीओई कॉलेज वैढ़न के बीच खेला गया, जिसमें मायाराम कॉलेज की टीम ने शानदार जीत दर्ज कर विजेता का खिताब हासिल किया।
प्रतियोगिता के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को परखने के लिए एक विशेष चयन समिति का गठन किया गया था। इस समिति के सदस्य डॉ. उमाकांत सिंह, संजीव जायसवाल और डॉ. विनोद कुमार राय ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर आगामी प्रतियोगिताओं के लिए जिला सिंगरौली की टीम का गठन किया। कार्यक्रम के अंत में विजेता और उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर सहायक संगठन सचिव रामसजीवन शाह ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए उपस्थित सभी अतिथियों, खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों का आभार व्यक्त किया।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button