गाजियाबाद
लोनी में कन्या पूजन की धूम, गूंजे जय माता दी के जयकारे
महाअष्टमी और महानवमी पर घरों से मंदिरों तक भक्तिमय माहौल, कन्याओं को कराया भोज

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी (गाजियाबाद) : शारदीय नवरात्रि के समापन पर लोनी क्षेत्र में श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला। महाअष्टमी और महानवमी के अवसर पर श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से मां दुर्गा की पूजा-अर्चना कर कन्या पूजन किया। घरों और मंदिरों में आयोजित कन्या भोज के दौरान माता के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
सुबह से ही कॉलोनियों और गलियों में कन्या पूजन की तैयारियां शुरू हो गई थीं। श्रद्धालुओं ने कन्याओं को मां दुर्गा के नौ स्वरूपों का प्रतीक मानकर आमंत्रित किया। उनके पैर धोकर तिलक लगाया और मौली बांधकर श्रद्धापूर्वक पूजा की। इसके बाद पूरी, काले चने, हलवा और फल का प्रसाद परोसा गया। पूजन के बाद कन्याओं को उपहार, वस्त्र और दक्षिणा भेंट कर आशीर्वाद लिया गया। कई स्थानों पर छोटे बालकों को भैरव स्वरूप मानकर उनकी भी पूजा की गई।
मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
लोनी के विभिन्न देवी मंदिरों और कॉलोनियों में पूजा-अर्चना के साथ कन्या भोज तथा भंडारों का आयोजन किया गया। माता के दर्शन के लिए श्रद्धालु मंदिरों में पहुंचे। भजनों और ‘जय माता दी’ के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंजता रहा। श्रद्धालुओं ने परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
धार्मिक आयोजन रामलीला व माता के दरबारों में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय पुलिस प्रशासन भी सतर्क व मुस्तैद नजर आया। नवरात्रि के अंतिम दिन लोनी क्षेत्र में उत्सव और भक्ति का माहौल बना रहा।
