गाजियाबाद
अंकुर बिहार में छह माह से टूटा बिजली का खंभा, विधुत विभाग अनजान बना
किसी बड़े हादसे का इंतजार! एसएलएफ वेद विहार के नवयुग चिल्ड्रन पार्क, सी-ब्लॉक में खतरा बरकरार, शिकायतों के बावजूद नहीं जागा विद्युत विभाग

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी (गाजियाबाद) : अंकुर विहार क्षेत्र के एसएलएफ वेद विहार स्थित नवयुग चिल्ड्रन पार्क, सी-ब्लॉक में पिछले करीब छह माह से टूटा बिजली का खंभा स्थानीय नागरिकों के लिए खतरे का कारण बना हुआ है। खंभे की मरम्मत नहीं होने से किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। हैरानी की बात यह है कि स्थानीय नागरिकों द्वारा विद्युत विभाग को शिकायत करने और सभासद को समस्या से अवगत कराने के बावजूद अब तक इसका समाधान नहीं हो सका है।
स्थानीय नागरिकों के अनुसार, पार्क के समीप स्थित बिजली का खंभा लंबे समय से टूटा हुआ है। क्षेत्र में लोगों का नियमित आवागमन रहता है और पार्क में बच्चे भी खेलने के लिए आते हैं। ऐसे में क्षतिग्रस्त बिजली के खंभे की अनदेखी लोगों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर रही है। यदि समय रहते इसकी मरम्मत नहीं कराई गई, तो कोई अप्रिय घटना घट सकती है।
शिकायतों के बाद भी कार्रवाई नहीं
नागरिकों का कहना है कि उन्होंने इस समस्या को लेकर कई बार विद्युत विभाग का ध्यान आकर्षित कराया। इसके अलावा स्थानीय सभासद को भी मामले की जानकारी दी गई, लेकिन अभी तक खंभे को ठीक कराने की दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नजर नहीं आई है। इससे लोगों में संबंधित विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ रही है।
हादसा हुआ तो जिम्मेदार कौन?
स्थानीय लोगों का सवाल है कि जब किसी समस्या की जानकारी संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधि को पहले से हो, तो उसके समाधान में इतनी देरी क्यों की जा रही है? क्या विभाग किसी बड़े हादसे के बाद ही जागेगा? नागरिकों ने आशंका जताई कि यदि इस टूटे खंभे के कारण कोई दुर्घटना होती है, तो उसकी जिम्मेदारी आखिर कौन लेगा?
क्षेत्रवासियों ने विद्युत विभाग के अधिकारियों और संबंधित जनप्रतिनिधि से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल मौके का निरीक्षण कराया जाए और टूटे बिजली के खंभे को सुरक्षित तरीके से ठीक कराया जाए। साथ ही, जब तक मरम्मत नहीं होती, तब तक संभावित खतरे से बचाव के लिए आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जाएं।
अब देखना यह है कि संबंधित विभाग नागरिकों की शिकायत पर समय रहते कार्रवाई करता है या फिर किसी बड़ी दुर्घटना के बाद ही जिम्मेदारों की नींद टूटेगी।।