ललितपुर
जिला कारागार का निरीक्षण कर बंदियों से रूबरू हुए सचिव देवप्रिय सारस्वत
पाकशाला, पुरुष-महिला बैरक और अस्पताल की व्यवस्थाएं परखीं

बंदियों को मुफ्त विधिक सहायता की दी जानकारी
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अध्यक्ष के निर्देशानुसार सचिव देवप्रिय सारस्वत ने जिला कारागार का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कारागार में बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, स्वच्छता, भोजन की गुणवत्ता और स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही बंदियों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं कठिनाइयों की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान सचिव ने कारागार की पाकशाला का अवलोकन किया। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई, खाद्य सामग्री के भंडारण और भोजन तैयार करने की व्यवस्था को परखा। पाकशाला की व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। इसके बाद पुरुष बंदी बैरक, महिला बंदी बैरक, किशोर बैरक तथा अस्पताल का निरीक्षण किया गया। यहां साफ-सफाई, प्रकाश, पेयजल, शौचालय और अन्य आवश्यक सुविधाओं की स्थिति देखी गई। इस दौरान सचिव देवप्रिय सारस्वत ने बंदियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने बंदियों को उनके विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए बताया कि पात्र व्यक्तियों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से नि:शुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराई जाती है। उन्होंने विधिक सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया समझाई और जरूरत पडऩे पर संबंधित प्राधिकरण से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया। निरीक्षण के दौरान कारागार परिसर में स्वच्छता एवं व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। सचिव ने बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लेते हुए आवश्यक व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने पर जोर दिया। इस दौरान जिला कारागार के प्रभारी अधीक्षक/कारापाल प्रशांत उपाध्याय, उपकारापाल राजीव कुमार, उपकारापाल शकुंतला देवी, जेल चिकित्सक डा.जितेन्द्र लिदौरिया, फार्मासिस्ट भूपेन्द्र सिंह तथा न्यायालय की ओर से रोहित राठौर एवं विकास उपस्थित रहे।



