बाराबंकी

गाजे बाजे के साथ निकली मां भवानी की विसर्जन यात्रा जयकारों से गूंजे घाट

रसौली की महारानी को दी गई भावभीनी विदाई

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

 कल्याणी नदी के सफदरगंज घाट पर हुई सामूहिक महाआरती
 बाराबंकी। शारदीय नवरात्र के नौ दिवसीय पूजन अर्चन के समापन पर बुधवार को मां भवानी की प्रतिमाओं का विसर्जन गाजे बाजे और भक्तिमय माहौल में किया गया। रसौली की महारानी सहित रसौली फूलवारी मुबारकपुर कुत्तुपुर आदि स्थानों की प्रतिमाएं भव्य शोभायात्रा के साथ कल्याणी नदी के घाटों तक पहुंचाई गईं। इस दौरान मां के जयकारों से वातावरण गूंज उठा। उत्साही युवाओं ने रंग गुलाल उड़ाकर श्रद्धा और उल्लास का प्रदर्शन किया। विधि विधान से पूजन के बाद नम आंखों से मां की प्रतिमाओं को विदाई दी गई। पिछले नौ दिनों से क्षेत्र में दुर्गा पूजा की धूम रही। सुबह और शाम होने वाली आरती में सैकड़ों श्रद्धालु शामिल होकर मां की भक्ति में लीन रहते थे। रसौली स्थित देवी मंदिर में दुर्गा सप्तशती पाठ जगराता कवि सम्मेलन कठपुतली जादू और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। विसर्जन के अंतिम दिन यज्ञ में आहुतियां देकर मां भवानी की आराधना की गई। इसके बाद सजे धजे वाहनों पर प्रतिमाओं को रखकर विसर्जन यात्रा निकाली गई। पारंपरिक गीतों पर झूमती टोलियां और मां के जयकारे लगाते श्रद्धालु यात्रा के आकर्षण रहे। भक्तों ने अगले बरस फिर आना के जयघोष के साथ मां को विदाई दी।
जगह जगह हुआ प्रसाद वितरण
विसर्जन यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं की सेवा के लिए जगह-जगह जलपान और भंडारे की व्यवस्था की गई। रसौली चौराहे पर समाजसेवी सरताज आलम उर्फ कल्लू ने जलपान की व्यवस्था की। लक्ष्बर बजहा चौराहे पर हनी एंटरप्राइजेज के प्रोपराइटर विष्णु गुप्ता की ओर से भंडारा आयोजित किया गया। वहीं रसौली के युवाओं ने रास्ते भर छोला चावल हलवा और पानी का वितरण किया। सफदरगंज स्थित कल्याणी नदी घाट पर प्रतिमाओं की सामूहिक महाआरती के बाद विसर्जन किया गया।
सौहार्द और भाईचारे की बनी मिसाल
शारदीय नवरात्र के दौरान आयोजित कार्यक्रमों में सभी वर्गों के लोगों ने बढ़ बढ़कर भागीदारी की। विभिन्न धर्मों के अनुयायियों ने भी आयोजन में सहयोग कर आपसी सौहार्द और भाईचारे की मिसाल पेश की। प्रतिमाओं की विदाई के साथ नौ दिवसीय आयोजन का समापन हो गया लेकिन क्षेत्र में आपसी सद्भाव और सामाजिक एकता का संदेश छोड़ गया।
घाट पर तैनात रहा पुलिस बल
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक रवीना त्यागी के निर्देश पर सफदरगंज स्थित कल्याणी नदी घाट पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। पुलिस बल की तैनाती के साथ अधिकारियों ने लगातार भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अपर पुलिस अधीक्षक रितेश कुमार सिंह, सीओ सिटी संगम कुमार, सफदरगंज थाना प्रभारी अजय प्रकाश त्रिपाठी, उपनिरीक्षक यमुना प्रसाद पाण्डेय, चौकी प्रभारी ऋषभ सिंह चंदेल सहित पुलिस टीम सुरक्षा व्यवस्था में जुटी रही।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button