शामली
एथलेटिक्स प्रतियोगिता में लक्ष्य मलिक ने जीते दो पदक

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
शामली। शहर के सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के छात्र लक्ष्य मलिक ने प्रांतीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो पदक जीते। बुधवार को विद्यालय में समारोह आयोजित कर छात्र को सम्मानित किया गया।
विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान की ओर से 38वीं प्रांतीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, मंगूपुरा, मुरादाबाद में आयोजित की गई थी। प्रतियोगिता के अंडर-17 वर्ग में लक्ष्य मलिक ने 100 मीटर दौड़ में दूसरा स्थान प्राप्त कर रजत पदक और 200 मीटर दौड़ में तीसरा स्थान हासिल कर कांस्य पदक जीता। उन्होंने खेल प्रशिक्षक नितिन कुमार और धीरज कुमार के निर्देशन में यह उपलब्धि हासिल की।
विद्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में प्रधानाचार्य आनंद प्रसाद और उप प्रधानाचार्य मलूक चंद ने लक्ष्य मलिक को मेडल पहनाकर और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने छात्र को आगामी प्रतियोगिताओं में भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए शुभकामनाएं दीं। समारोह की अध्यक्षता प्रधानाचार्य आनंद प्रसाद ने की, जबकि संचालन आचार्य बृजेश कुमार ने किया। इस दौरान आचार्य अंकुर कुमार, कुलदीप कुमार, मधुबन, अशोक सोम, नितिन कुमार, धीरज कुमार, अमन कुमार, भानू कुमार और प्रदीप कुमार मौजूद रहे।



