शामली
लायंस क्लब शामली क्राउन के डांडिया रास-2026 का समापन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
शामली। शहर के दिल्ली रोड स्थित सिटी ग्रीन बैंक्वेट हॉल में लायंस क्लब शामली क्राउन की ओर से क्लब के रजत उत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित दो दिवसीय डांडिया रास-2026 का मंगलवार को समापन हो गया। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सजे प्रतिभागियों ने डांडिया की धुनों पर नृत्य प्रस्तुत कर समां बांध दिया। कार्यक्रम में महिलाओं, युवाओं और बच्चों ने उत्साह के साथ भाग लिया।
समारोह के दूसरे दिन विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया। बंगाली परिधान श्रेणी में विशु और शिवानी तथा राजस्थानी परिधान श्रेणी में बालेश नामदेव विजेता रहे। सर्वश्रेष्ठ युगल नृत्य का पुरस्कार शिवम और प्रियंका जैन को मिला, जबकि मां-बेटी नृत्य प्रतियोगिता में सपना मित्तल और वेदनशी मित्तल ने बाजी मारी। कार्यक्रम के दौरान प्रत्येक आधे घंटे में लकी ड्रॉ निकालकर विजेताओं को पुरस्कार भी दिए गए।
क्लब अध्यक्ष अंकुर गोयल ने कहा कि क्लब सामाजिक सेवा के साथ भारतीय संस्कृति और परंपराओं को बढ़ावा देने के लिए भी प्रयासरत है। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले अतिथियों, प्रतिभागियों, शहरवासियों और क्लब सदस्यों का आभार जताया। मुख्य अतिथि कुशांक चौहान ने विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम के संयोजक गौरव मित्तल रहे, जबकि मंच संचालन संजय सिंघल ने किया। अतिथियों का स्वागत क्लब अध्यक्ष अंकुर गोयल, कोषाध्यक्ष रुपेश गर्ग और सचिव विजय संगल ने किया। समापन पर मां दुर्गा की आरती की गई और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।




